दुनिया
अमेरिका में FBI ने खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. इनमें बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े लोग भी शामिल हैं.
अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई में भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर पवितर सिंह बटाला को भी गिरफ्तार किया गया है. बटाला का नाम राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में भी है. वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है और भारत में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहा है.
दरअसल, अमेरिका के सैन जोकिन काउंटी में 11 जुलाई 2025 को FBI और अन्य स्थानीय पुलिस विभागों ने मिलकर कार्रवाई की. इस दौरान पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें पवितर सिंह बटाला समेत 7 अन्य संदिग्ध खालिस्तानी आतंकवादी गिरफ्तार किए गए. गिरफ्तार किए गए अन्य आतंकवादियों में दिलप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, अर्थप्रीत सिंह, मनप्रीत रंधावा, सरबजीत सिंह, गुरताज सिंह और विशाल नाम का एक व्यक्ति भी है. मिली जानकारी के अनुसार विशाल ने अपनी पूरी पहचान नहीं बताई है.
यह भी पढ़ें: ईरान ने बातचीत के खोले रास्ते, अमेरिका के सामने रख दी ये बड़ी शर्त
इन आतंकवादियों पर आरोप है कि उन्होंने अपहरण, यातना, गलत तरीके से बंधक बनाना, गवाहों को धमकाना, बंदूक से हमला करना और आपराधिक धमकी देने जैसी गंभीर अपराधों को अंजाम दिया है. फिलहाल, सभी आरोपियों को सैन जोकिन काउंटी जेल भेज दिया गया है. बहरहाल, यह गिरफ्तारियां एक बड़ी सुरक्षा सफलता मानी जा रही हैं, जिससे खालिस्तानी आतंकवाद के खिलाफ भारत और अमेरिका की संयुक्त लड़ाई को मजबूती मिली है.