Advertisement

मौत के आठ साल बाद भी मिट्टी से नहीं मिटता हाथियों का वजूद, वो राज जिसने वैज्ञानिकों को भी किया हैरान

हाथी जैसे बड़े जानवर की मौत के बाद उसके शरीर से निकलने वाले न्यूट्रिएंट्स का पूरे इकोसिस्टम पर कैसे असर पड़ता है. स्टडी जर्नल प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेस में छपी रिसर्च...

Latest News
मौत के आठ साल बाद भी मिट्टी से नहीं मिटता हाथियों का वजूद, वो राज जिसने वैज्ञानिकों को भी किया हैरान

मरकर भी प्रकृति में कई साल तक जिंदा रहता है हाथी का असर. (Image Credit: Canva)

Add DNA as a Preferred Source
  • साउथ अफ्रीका के क्रूगर नेशनल पार्क में हुई स्टडी
  • मरने के बाद मिट्टी में नाइट्रोजन फॉस्फोरस जैसे न्यूट्रिएंट्स बढ़ाते हैं  हाथी
  • कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की इकोलॉजिस्ट कोर्टनी रीड और टीम ने की स्टडी
  • हाथियों की मौत वाली 40 जगहों पर की गई खोज

इंसानों के मरने के बाद अंगदान के जरिए दूसरे लोगों को नई जिंदगी मिलने के बारे में आपने जरूर सुना होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जंगल में किसी बड़े जानवर की मौत के बाद भी दूसरे जीवों की जिंदगी पर भी असर लंबे समय तक बना रह सकता है. हाथी की मौत के बाद कुछ ऐसा ही होता है. उसका शरीर धीरे-धीरे सड़कर मिट्टी में मिल जाता है और अपने पीछे न्यूट्रिएंट्स से भरपूर ऐसा इलाका छोड़ जाता है, जहां लंबे समय तक भैंस, इंपाला और दूसरे शाकाहारी जानवर कई साल बाद भी चरने आते हैं और यहां की घास से न्यूट्रिएंट्स पाते हैं. 

साउथ अफ्रीका के क्रूगर नेशनल पार्क में हुई एक नई स्टडी में हाथी की मौत के आठ साल बाद तक अवशेषों के आसपास की मिट्टी, घास और दूसरे जीवों पर असर बना रहता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के कुछ फायदे हैं तो कुछ नुकसान भी हैं. एक ओर हाथी के अवशेष मिट्टी में न्यूट्रिएंट्स की मात्रा बढ़ाते हैं, लेकिन दूसरी ओर ऐसी जगह पर पौधों और मिट्टी में रहने वाले माइक्रोब्स की विविधता भी घट सकती है.

यह स्टडी जर्नल प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेस में छपी है. कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की इकोलॉजिस्ट कोर्टनी रीड ने इस स्टडी को लीड किया है. वह फिलहाल प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से जुड़ी हुई हैं. स्टडी में बताया गया है कि हाथी जैसे बड़े जानवर की मौत के बाद उसके शरीर से निकलने वाले न्यूट्रिएंट्स का पूरे इकोसिस्टम पर कैसे असर पड़ता है. 

हाथी की मौत के बाद मिट्टी में क्या बदलाव होता है?

हाथी धरती पर रहने वाले सबसे बड़े जानवरों में से एक है. एनजीओ ग्लोबल सेंचुरी फॉर एलिफेंट्स के मुताबिक, एक अफ्रीकी हाथी का वजन 2.7 टन तक हो सकता है. हाथी के शरीर में नाइट्रोजन और फास्फोरस जैसे न्यूट्रिएंट्स मौजूद होते हैं. जब उसकी मौत होती है तो बॉडी के डीकंपोजीशन के दौरान ये न्यूट्रिएंट्स आसपास की मिट्टी में पहुंचने लगते हैं. शरीर के नरम हिस्से सड़ जाते हैं लेकिन हड्डियां लंबे समय तक बची रहती हैं. इस दौरान मिट्टी के कैमिकल कंपोजीशन में भी बदलाव आता है और माइक्रोब्स की एक्टिविटी पर भी असर पड़ता है. 

पौधों की ग्रोथ के लिए नाइट्रोजन जरूरी है. यह उन्हें प्रोटीन बनाने और बढ़ने में मदद करता है. फास्फोरस भी प्लांट्स के डेवलेपमेंट और सेल्स में एनर्जी की प्रोसेस के लिए जरूरी है. सामान्य स्थिति में तो ये न्यूट्रिएंट्स मिट्टी में बेहद कम मात्रा में होते हैं लेकिन हाथी जैसे विशाल शरीर से एक ही जगह पर इसकी ज्यादा मात्रा पहुंच जाती है.

वैज्ञानिकों ने इस बदलाव को समझने के लिए साउथ अफ्रीका के क्रूगर नेशनल पार्क में हाथियों की मौत वाली 40 जगहों की स्टडी की. यहां इन हाथियों की मौत को 8 दिन से लेकर आठ साल बीत चुका था. रिसर्चर्स ने मरे हुए हाथियों के अवशेषों के पास से मिट्टी और घास के नमूने लिए और इसकी तुलना उन आसपास की जगहों से की, जहां हाथियों की मौत नहीं हुई थी. 

हाथी के शव के पास 3,000 गुना तक बढ़ गया था नाइट्रोजन

स्टडी में मिट्टी के न्यूट्रिएंट्स को लेकर बेहद चौंकाने वाले नतीजे सामने आए. वैज्ञानिकों ने पाया कि हाथी के अवशेषों के पास मिट्टी में अमोनियम की मात्रा 31 गुना, नाइट्रेट की मात्रा 7 गुना और फास्फोरस की मात्रा तीन गुना ज्यादा थी. अमोनियम और नाइट्रेट नाइट्रोजन के वो रूप हैं जिनका पौधों के साथ-साथ मिट्टी में मौजूद माइक्रोब्स के लिए भी खास महत्व है. 

जहां हाथियों की मौत हाल में हुई थी, वहां अमोनियम की मात्रा सबसे ज्यादा थी. कुछ जगहों पर तो आसपास की मिट्टी के मुकाबले इसकी मात्रा करीब 3,000 गुना तक ज्यादा थी. वैज्ञानिकों को उम्मीद तो थी कि हाथी की बॉडी के डीकंपोजीशन से मिट्टी में न्यूट्रिएंट्स बढ़ेंगे लेकिन कुछ जगहों पर इतनी ज्यादा बढ़ोतरी ने उन्हें हैरान कर दिया.

फास्फोरस के मामले में वैज्ञानिकों के सामने अलग बात सामने आई. हाथियों की हड्डियां धीरे-धीरे टूटती हैं और फिर मिट्टी में फास्फोरस पहुंचता है. इस वजह से कई साल बाद भी मिट्टी में फास्फोरस की मात्रा में गिरावट नहीं दिखाई दी. 

Elephant

हाथी की मौत वाली जगह पर घास खाने क्यों आए भैंस और इंपाला?

हाथी के अवशेषों से मिट्टी में पहुंचे न्यूट्रिएंट्स धीरे-धीरे पौधों तक भी पहुंचते हैं. स्टडी में हाथियों के शव के आसपास उगने वाले घास में नाइट्रोजन की मात्रा ज्यादा पाई गई. रिसर्चर्स के मुताबिक, यह घास शाकाहारी जानवरों के लिए ज्यादा पौष्टिक हो सकता है. इसका असल जानवरों के बिहेवियर पर भी दिखाई दिया. रिसर्चर्स ने कैमरे से हाथियों की मौत वाली जगह पर आने वाले जानवरों पर नजर रखी. इस जगह पर इंपाला, भैंस, जेब्रा, कुडू और जंगली सूअर घास चरते हुए दिखाई दिए. एक सफेद गैंडा भी कभी-कभी इस जगह पर आता था. 

रिसर्चर्स ने पाया कि ऐसी जगह पर इंपाला और भैंस को आसपास की जगह की तुलना में तीन गुना से ज्यादा बार चरते हुए देखा गया. जिन जगहों पर हाथियों की मौत को सात साल से ज्यादा समय बीत चुका था, वहां भी जानवरों की चराई सामान्य से ज्यादा थी. वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूट्रिएंट्स में बदलाव लंबे समय तक शाकाहारी जानवरों को खींचता है. यूसी सांता बारबरा के इकोलॉजी प्रोफेसर और सीनियर राइटर डेरोन बर्कपाइल ने इस बदलाव की तुलना सलाद के इंग्रेडिएंट्स से करते हुए कहा, 'यह इन घास को पानी जैसे फीके आइसबर्ग लेट्यूस से एक रसीले और बढ़िया रोमेन लेट्यूस में बदल देता है.

मिट्टी के छोटे जीवों पर भी पड़ता है हाथी की मौत का असर

इस स्टडी में वैज्ञानिकों ने सिर्फ मिट्टी और घास ही नहीं, बल्कि मिट्टी में रहने वाले माइक्रोब्स का भी अध्ययन किया. इनमें बैक्टीरिया और फंजाई जैसे जीव शामिल हैं. ये आकार में बहुत छोटे होते हैं, लेकिन मिट्टी में पोषक तत्वों के चक्र को चलाने और जैविक पदार्थों को तोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं.

जब हाथी का शरीर डीकंपोज होता है, तो उससे निकलने वाला जैविक पदार्थ और पोषक तत्व मिट्टी के इन सूक्ष्मजीवों को प्रभावित करते हैं. स्टडी में पाया गया कि हाथी के अवशेषों के पास मिट्टी में सूक्ष्मजीवों की गतिविधि बढ़ गई थी. वहां उनकी सांस लेने और ऊर्जा से जुड़ी एक्टिविटी ज्यादा थी. यह असर शुरुआती एक से दो साल के दौरान ज्यादा दिखाई दिया.

रिसर्चर्स ने पाया कि हाथियों की मौत वाले जगहों पर बैक्टीरिया और फंगस की विविधता भी कम थी. पुरानी जगहों पर फंगस की विविधता में सुधार के संकेत मिले लेकिन बैक्टीरिया की विविधता में कमी बनी रही. वैज्ञानिकों के मुताबिक, मिट्टी में पोषक तत्वों की बहुत ज्यादा मात्रा इस अंतर की एक वजह हो सकती है. ऐसी परिस्थितियों में कुछ माइक्रोब्स को बढ़ने का ज्यादा मौका मिलता है, जबकि दूसरे जीव पीछे रह जाते हैं.

इस रिसर्च से क्या समझ आता है?

यह रिसर्च बताता है कि हाथी की मौत जंगल के लिए सिर्फ एक जानवर का अंत नहीं है. उसका शरीर मिट्टी को पोषण देता है, घास की क्वॉलिटी बदल जाती है और दूसरे जानवरों की आवाजाही पर भी असर पड़ता है. लेकिन न्यूट्रिएंट्स के ज्यादा होने से पौधों और माइक्रोब्स की विविधता घट भी सकती है. एक ही घटना कुछ जीवों के लिए जहां फायदेमंद हो सकती है, तो दूसरे जीवों के लिए यह नुकसानदायक भी साबित हो सकती है.

यह भी पढ़ें- जुरासिक काल का वो अनोखा जीव जिसके जबड़े में छिपी थी 'सुइयों की फौज', मोरक्को की पहाड़ियों से खुला राज

Advertisement
Advertisement

Advertisement