Advertisement

जुरासिक काल का वो अनोखा जीव जिसके जबड़े में छिपी थी 'सुइयों की फौज', मोरक्को की पहाड़ियों से खुला राज

ब्रिटेन की प्रोट्समाउथ यूनिवर्सिटी और मोरक्को की हसन II यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने करीब 17 करोड़ साल पहले रहने वाले मगरमच्छों के रिश्तेदारों की खोज की है जिसने जबड़े में सुई जैसे दांत मौजूद थे...

Latest News
जुरासिक काल का वो अनोखा जीव जिसके जबड़े में छिपी थी 'सुइयों की फौज', मोरक्को की पहाड़ियों से खुला राज

वैज्ञानिकों ने मोरक्को की पहाड़ियों से ढूंढ निकाला मगरमच्छ का डायनासोर के जमाने में रहने वाला रिश्तेदार. (Image: AI)

Add DNA as a Preferred Source
  • मोरक्को के फॉसिल्स में मिले मगरमच्छ के सुई वाले रिश्तेदार
  • प्रोट्समाउथ और हसन II यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स की खास स्टडी
  • Ctenosuchus tenuidens रखा गया इस अनोखे जीव का नाम
  • डायनासोर के दौर में धरती पर पाया जाता था मगरमच्छ का यह रिश्तेदार

नेचर में आज भी ऐसे कई रहस्य छिपे हैं, जिनके बारे में साइंटिस्ट लगातार पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. कभी-कभी करोड़ों साल पुरानी चट्टानों में छिपा हुआ कोई छोटा सा निशान अतीत के बारे में बड़ी जानकारी दे देता है. ऐसा ही एक दिलचस्प खुलासा मोरक्को में मिले फॉसिल्स की स्टडी के दौरान हुआ. ब्रिटेन की प्रोट्समाउथ यूनिवर्सिटी और मोरक्को की हसन II यूनिवर्सिटी के रिसर्सर्च ने करीब 17 करोड़ साल पहले रहने वाले मगरमच्छों के ऐसे रिश्तेदारों की खोज की है, जिनके बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी. इस पुराने जीव के दांत सुई जितने पतले थे. वैज्ञानिकों के मुताबिक इस जीव के दांतों की खास बनावट इसके भोजन करने के तरीके के बारे में अहम जानकारी देती है. 

रिसर्चर्स ने इस नई प्रजाति का नाम Ctenosuchus tenuidens रखा है. इस खोज से पता चलता है कि डायनासोर के जमाने में मगरमच्छों के रिश्तेदार सिर्फ बड़े शिकार नहीं करते थे, बल्कि इनकी कुछ प्रजातियां जलीय जीवों को खाने के लिए भी विकसित हुई थीं. वैज्ञानिकों के मुताबिक, इन रेप्टाइल्स की लाइफस्टाइल और खाने की आदतें आज के मगरमच्छों से काफी अलग हो सकती हैं. 

 

Fossil

Ctenosuchus tenuidens का जीवाश्म. (Image: port.ac.uk)

फॉसिल पर दिखे काले निशानों से कैसे हुआ रहस्य का खुलासा?

जब रिसर्चर्स मोरक्को के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एटलस पर्वत के इलाके से मिले जीवाश्मों की स्टडी कर रहे थे, तब उन्हें एक जीवाश्म पर लंबी हड्डी के दोनों तरफ छोटे-छोटे काले घेरे दिखाई दिए. पहली नजर में तो ये निशान उन्हें सामान्य लगे लेकिन फिर भी उन्होंने इसे अनदेखा नहीं किया. 

रिसर्चर्स ने इसे माइक्रोस्कोप से देखा और फिर उसके आसपास के चट्टानों के हिस्से को सावधानी से हटाना शुरू कर दिया. जैसे-जैसे चट्टानी हिस्से हटते गए, काले घेरे लंबे और पतली संरचनाओं के रूप में सामने आने लगे. जांच करने पर पता चला कि ये असल में बेहद पतले दांत थे. इनकी अनोखी बनावट से वैज्ञानिकों को एहसास हुआ कि वे पहले से अनजान किसी प्रजाति के जीवाश्म की स्टडी कर रहे हैं. इस रिसर्च को पोर्ट्समाउथ यूनिवर्सिटी के हमजा इमरान के नेतृत्व में किया गया. उनकी टीम ने जीवाश्मों की बनावट, दांतों के आकार और उनके इंटरनल स्ट्रक्चर की स्टडी करके इस अनोखी प्रजाति की पहचान की है. 

हमजा इमरान ने बताया, 'हमने जीवाश्मों में से एक के बीच में लंबी हड्डी के दोनों ओर छोटे काले घेरे देखे. इसकी हमने माइक्रोस्कोप से स्टडी की. हमने एक काले घेरे के चारों तरफ सावधानी से स्केलपेल से चट्टानी हिस्सों को हटाया और जैसे-जैसे हम इसे हटाते गए, यह और लंबा होता गया. तभी हमें एहसास हुआ कि ये छोटे काले घेरे असल में दांत थे. कंघी जैसे दांतों की वजह से ही इस जीव का नाम Ctenosuchus tenuidens रखा गया.'

Ctenosuchus tenuidens की खासियत क्या है? 

रिसर्चर्स ने इस अनोखे जीव को Ctenosuchus tenuidens नाम दिया है. इसके नाम में ही इसके दांतों की खासियत छिपी है. Cteno  ग्रीक शब्द ktenos से लिया गया है जिसका मतलब होता है कंघी. वहीं, suchus ग्रीक शब्द soukhos से लिया गया है जिसका इस्तेमाल मगरमच्छ के लिए किया जाता है. Tenuidens का मतलब पतले दांतों वाला होता है. इस पुराने जीव के दांत एक-दूसरे के पास इस तरह से लगे हुए थे कि वे कंघी जैसे दिखाई देते थे.

यह जीव Thalattosuchia नाम के पुराने रेप्टाइल ग्रुप से संबंधित था. इस ग्रुप में मगरमच्छों के दूर के रिश्तेदार शामिल थे, जो डायनासोर के दौर में रहते थे. इसमें से कुछ जीव समुद्र में रहने के लिए अनुकूलित थे, जबकि कुछ दूसरी तरह की वॉटर बॉडीज में पाए जाते थे. Ctenosuchus tenuidens के जीवाश्म ऐसी चट्टानों में मिले हैं जो प्राचीन नदियों और झीलों के आसपास पाई जाती थीं. 

अभी धरती पर मौजूद मगरमच्छों के दांत बेहद मजबूत होते हैं जिनकी मदद से वे शिकार को पकड़ते हैं और उसे जबड़ों में जकड़ लेते हैं, जबकि Ctenosuchus tenuidens के दांत बेहद पतले और लंबे थे. जर्नल ऑफ वर्टेब्रेट पेलियोन्टोलॉजी में छपे रिसर्च पेपर के मुताबिक, इस जीव के दांतों की लंबाई और चौड़ाई का अनुपात करीब 10.4:1 था. इसके दांत अपनी चौड़ाई के मुकाबले 10 गुना ज्यादा लंबे थे और यही बनावट इसे अब तक के इससे संबंधित दूसरे जीवों से अलग बनाती है.  

Hamza Imran

पानी के छोटे जीवों को खाता था यह प्राचीन शिकारी

रिसर्चर्स ने इस जीव के दांतों की बाहरी बनावट के साथ अंदरूनी संरचना की भी स्टडी की. दांतों पर मौजूद बारीक उभारों और उनके बीच की दूरी ने वैज्ञानिकों को इसके भोजन की आदतों का अंदाजा लगाने में मदद की. रिसर्चर्स के मुताबिक, इसके दांत बड़े और ताकतवर शिकार को पकड़ने के लिए बहुत नाजुक रहे होंगे. अगर यह किसी बड़ी मछली को पकड़ता और वह छूटने के लिए जोर लगाती तो उसके पतले दांत टूट सकते थे. ऐसे में वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह जीव छोटी मछलियों, झींगा जैसे छोटे क्रस्टेशियन और पानी में मौजूद दूसरे छोटे जीवों को खाता रहा होगा. 

साइंटिस्ट इस रिसर्च को क्यों मान रहे हैं अहम?

इस रिसर्च से वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिलती है कि प्राचीन मगरमच्छों के रिश्तेदारों की दुनिया आज के मगरमच्छों की तुलना में कहीं ज्यादा विविध थी. उस समय इन जीवों ने अलग-अलग तरह के वातावरण और भोजन के अनुसार खुद को ढाला था. 

मोरक्को की चट्टानों में अभी भी ऐसे कई जीवाश्म छिपे हो सकते हैं, जो प्री-हिस्टोरिक लाइफ के बारे में हमारी समझ को और बेहतर बना सकते हैं. Ctenosuchus tenuidens की खोज से पता चलता है कि अतीत के जीवों को समझने के लिए सिर्फ बड़े कंकाल ही नहीं, बल्कि उनके दांतों जैसी छोटी संरचनाएं भी बेहद अहम होती हैं.

यह भी पढ़ें- नेचर के सबसे फेमिनिस्ट जानवर से मिलिए, उम्रदराज मादा के हाथ में होती है पूरे झुंड की कमान

Advertisement
Advertisement

Advertisement