Advertisement

अमेरिका की बादशाहत खत्म! साइंस-टेक्नोलॉजी की नई महाशक्ति बना 'ड्रैगन', अब कौन जीतेगा AI की जंग?

नेचर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक चीन ने साइंस, टेक्नोलॉजी और AI रिसर्च में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है. लेकिन 285 अरब डॉलर के भारी प्राइवेट एआई निवेश में अमेरिका अब भी काफी आगे है.

Latest News
अमेरिका की बादशाहत खत्म! साइंस-टेक्नोलॉजी की नई महाशक्ति बना 'ड्रैगन', अब कौन जीतेगा AI की जंग?

अमेरिका छोड़कर चीन लौटे 40% बड़े AI रिसर्चर, AI Photo
 

Add DNA as a Preferred Source

क्या आप सोच सकते हैं कि कभी पूरी दुनिया के लिए सस्ते खिलौने और प्लास्टिक का सामान बनाने वाला चीन, आज रिसर्च और भविष्य की तकनीक में अमेरिका को पछाड़ देगा? आंकड़े बताते हैं कि यह बदलाव अब सिर्फ चर्चा नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है. रिसर्च की दुनिया के सबसे बड़े इंडेक्स में चीन अब अमेरिका से दोगुना आगे निकल गया है.  

नेचर इंडेक्स की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2022 में चीन ने रिसर्च के 4 बड़े क्षेत्रों- केमिस्ट्री, धरती और पर्यावरण, लाइफ साइंस और फिजिक्स में अमेरिका को पीछे छोड़ दिया था. हालांकि, हेल्थ साइंस को भी इसमें शामिल करने पर अमेरिका कुछ समय के लिए आगे निकल गया, लेकिन 2023 के बाद चीन ने फिर से बढ़त बना ली. अब 2025 के नए आंकड़ों में अप्लाइड रिसर्च यानी ऐसी रिसर्च को भी शामिल किया गया है, जिसका इस्तेमाल असल जिंदगी की समस्याओं को हल करने में होता है. इसके बाद चीन का कुल रिसर्च स्कोर 52,735 हो गया, जबकि अमेरिका का स्कोर 26,006 रहा. 

यह कामयाबी चीन को कैसे मिली?

चीन को मिली यह बढ़त किसी एक रात का चमत्कार नहीं है, बल्कि इसके पीछे विश्वविद्यालयों और नए वैज्ञानिक तैयार करने की दशकों पुरानी योजना काम कर रही है. जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिक्योरिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (CSET) की 2021 की एक रिपोर्ट में पहले ही बताया गया था कि साल 2025 तक चीन हर साल साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) विषयों में लगभग 77,000 पीएचडी तैयार करेगा. इसके मुकाबले अमेरिका में यह संख्या हर साल महज 40,000 पीएचडी रहने का अनुमान लगाया गया था. यानी नई पीढ़ी के वैज्ञानिकों की फौज तैयार करने में चीन काफी पहले से अमेरिका से आगे निकल रहा था.

चीन के जाने-माने वैज्ञानिक और साइंस कम्युनिकेटर युआन लैनफेंग बताते हैं कि कुछ साल पहले तक चीन की प्रयोगशालाओं में आधुनिक मशीनों और वैज्ञानिक औजारों की बहुत भारी कमी हुआ करती थी. लेकिन आज चीन की लैब्स दुनिया के किसी भी विकसित देश की सबसे आधुनिक लैब्स की बराबरी कर रही हैं. युआन लैनफेंग का कहना है कि जब तक किसी देश के पास आधुनिक उपकरण नहीं होंगे, तब तक वह दुनिया को चौंकाने वाली खोजें नहीं कर सकता. चीन ने अपनी इस बुनियादी कमजोरी को सबसे पहले दूर किया और रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर पर पानी की तरह पैसा बहाया.

चीन और अमेरिका में विज्ञान और एआई में कौन आगे

AI में कौन किस पर भारी पड़ रहा है?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI आज दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली तकनीकों में शामिल है. मोबाइल, अस्पताल, कार, खेती और बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों तक इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है. ऐसे में दुनिया के जिस देश के पास ज्यादा काबिल AI वैज्ञानिक होंगे, वह आने वाले समय में नई तकनीक बनाने और इस दौड़ में आगे रहने में बड़ी भूमिका निभा सकता है. सितंबर 2026 में कार्नेगी से जुड़े एक अध्ययन के आंकड़े बताते हैं कि AI के जानकारों का रुख अब अमेरिका से चीन की तरफ बढ़ रहा है. 

साल 2022 में दुनिया के टॉप AI जानकारों में चीन में पढ़ाई करके अमेरिका में नौकरी करने वालों की हिस्सेदारी 46.4% थी, जो 2025 में घटकर 34.2% रह गई. वहीं, चीन में रहकर ही रिसर्च करने वाले जानकारों की हिस्सेदारी 27.1% से बढ़कर 40.6% हो गई. कुल AI जानकारों की बात करें तो अमेरिका में इनकी संख्या करीब 4,000 है, जबकि चीन में यह आंकड़ा करीब 7,000 तक पहुंच गया है. एक और खास बात यह है कि आज दुनिया भर में साइंस की खोजों को तेज करने के लिए एआई का इस्तेमाल करने का जो विचार चल रहा है जिसे 'AI for Science' कहा जाता है उसका प्रस्ताव भी सबसे पहले चीनी वैज्ञानिकों ने ही दुनिया के सामने रखा था.

अमेरिका किन मोर्चों पर अब भी चीन से भारी?

रिसर्च पेपर्स की संख्या देखकर यह समझ लेना बहुत बड़ी भूल होगी कि अमेरिका की बादशाहत खत्म हो गई है. असलियत यह है कि कई बेहद अहम मोर्चों पर अमेरिका आज भी चीन से मीलों आगे खड़ा है.

सबसे बड़ा फर्क पैसों और निजी कंपनियों के निवेश में दिखाई देता है. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की एआई इंडेक्स रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, साल 2025 में अमेरिका के भीतर निजी कंपनियों और निवेशकों ने एआई में 285.9 अरब डॉलर का भारी-भरकम निवेश किया. इसके मुकाबले चीन में पूरे साल का निजी एआई निवेश महज 12.4 अरब डॉलर ही दर्ज किया गया. इसके अनुसार, अमेरिका इस मामले में 23 गुना आगे है.  

यह अंतर जमीन-आसमान का है. अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियां, सबसे आधुनिक कंप्यूटर चिप्स और विशाल एआई मॉडल तैयार करने का साधन मौजूद हैं. इसके साथ ही हेल्थ साइंस, मेडिकल रिसर्च और बायोलॉजिकल साइंस में भी अमेरिकी रिसर्च का दबदबा आज भी बहुत मजबूत बना हुआ है.

Advertisement
Advertisement

Advertisement