दुनिया
कनाडा के मैनिटोबा में मंगलवार को हुए मिड-एयर क्रैश में केरल के ट्रेनी पायलट श्रीहरी सुखेश की मौत हो गई. वह कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग ले रहे थे. हादसे में एक कनाडाई छात्र पायलट की भी जान गई.
कनाडा के मैनिटोबा प्रांत में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसमें भारत के केरल निवासी 21 वर्षीय ट्रेनी पायलट श्रीहरी सुखेश की मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब श्रीहरी अपनी ट्रेनिंग के तहत सिंगल इंजन विमान उड़ा रहे थे और वह एक अन्य विमान से मिड-एयर टकरा गया. दूसरा विमान एक कनाडाई छात्र पायलट उड़ा रहा था. टक्कर के बाद दोनों विमान क्रैश हो गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.
परिवार वालों के मुताबिक श्रीहरी पिछले डेढ़ साल से कनाडा में पायलट ट्रेनिंग ले रहे थे. उन्होंने अपना प्राइवेट पायलट लाइसेंस पूरा कर लिया था और अब कमर्शियल पायलट लाइसेंस के अंतिम चरण की तैयारी में थे. उन्हें सिर्फ 180 घंटे की उड़ान पूरी करनी थी, जिनमें से ज्यादातर पूरे हो चुके थे.
हादसे की सूचना सबसे पहले श्रीहरी के सहपाठियों के रिश्तेदारों के माध्यम से परिवार को मिली. शाम करीब 5:30 बजे श्रीहरी के ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर ने हादसे की पुष्टि की. परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से गुहार लगाई है कि श्रीहरी का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके.
कनाडा की ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा लापरवाही से नहीं बल्कि संभवतः तकनीकी खराबी के चलते हुआ है. वहीं, भारत सरकार का टोरंटो स्थित वाणिज्य दूतावास मृतक छात्र के परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और हरसंभव मदद मुहैया करा रहा है.
केरल से बीजेपी सांसद सुरेश गोपी और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन भी मामले में सक्रिय हो गए हैं. वे श्रीहरी का शव जल्द भारत लाने के प्रयास में जुटे हुए हैं. यह हादसा एक बार फिर विदेशों में पायलट ट्रेनिंग की सुरक्षा और निगरानी की जरूरत को रेखांकित करता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.