Advertisement

37 हजार से 9000 फीट पर आया प्लेन, बदला रास्ता, 7700 कोड हुआ फ्लैश... फ्लाईदुबई के बाद अब लंदन की फ्लाइट में इमरजेंसी

लंदन से शिकागो जा रही फ्लाइट ने आयरलैंड के ऊपर अचानक तेजी से ऊंचाई कम की. साथ ही विमान ने 7700 इमरजेंसी कोड एक्टिव किया.

Latest News
37 हजार से 9000 फीट पर आया प्लेन, बदला रास्ता, 7700 कोड हुआ फ्लैश... फ्लाईदुबई के बाद अब लंदन की फ्लाइट में इमरजेंसी

विमान शिकागो जाने के बजाय वापस लंदन की ओर मुड़ गया (Image Source- X/@British_Airways)

Add DNA as a Preferred Source

37 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा एक विमान अचानक नीचे आने लगा. कॉकपिट में ऐसी स्थिति बनी कि पायलटों को विमान की ऊंचाई तेजी से कम करनी पड़ी. इसके बाद विमान ने रास्ता बदला और शिकागो जाने के बजाय वापस लंदन की ओर मुड़ गया. इसी दौरान विमान के ट्रांसपोंडर पर 7700 इमरजेंसी कोड एक्टिव किया गया, जो विमान में किसी आपात स्थिति का संकेत होता है.

लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 के साथ सोमवार (10 अक्टूबर 2026) को आयरलैंड के ऊपर कुछ ऐसा ही हुआ. अब सवाल है कि आखिर विमान को अचानक नीचे क्यों लाया गया और पायलटों को वापस लंदन लौटने का फैसला क्यों करना पड़ा? 

लंदन-शिकागो की फ्लाइट में क्या हुआ? 

लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 ने टर्मिनल-5 से स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 11:50 बजे उड़ान भरी थी. विमान को अमेरिका के शिकागो स्थित ओहेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचना था. ये कोई छोटी यात्रा नहीं थी. फ्लाइट का तय सफर करीब 8 घंटे 40 मिनट का था.

शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था और विमान अटलांटिक के रास्ते अमेरिका की तरफ बढ़ रहा था. उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद विमान करीब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया. आम तौर पर इस ऊंचाई पर विमान लंबी दूरी की उड़ान के दौरान क्रूज करता है, लेकिन इसके बाद हालात बदल गए.  

अचानक तेजी से नीचे जाने लगा विमान

आयरलैंड के ऊपर पहुंचने के दौरान विमान की ऊंचाई तेजी से कम होने लगी. फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान कुछ ही मिनटों में हजारों फीट नीचे आ गया. करीब 37 हजार फीट से शुरू हुआ ये डिसेंट इतना तेज था कि विमान की ऊंचाई करीब 9 हजार फीट तक पहुंच गई यानी विमान लगभग 28 हजार फीट नीचे आ चुका था. 

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि आखिर पायलटों को इतनी तेजी से विमान नीचे लाने की जरूरत क्यों पड़ी? अभी तक ब्रिटिश एयरवेज ने इस घटना की वजह के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. इसलिए ये कहना जल्दबाजी होगी कि विमान में तकनीकी खराबी थी, मेडिकल इमरजेंसी थी या कोई दूसरी समस्या सामने आई थी. 

Flightशिकागो जाने वाली फ्लाइट इमरजेंसी के बाद वापस लौटी (AI Image)

7700 का इमरजेंसी कोड किया एक्टिव

विमान की इस असामान्य गतिविधि के बीच BA295 के ट्रांसपोंडर पर 7700 कोड फ्लैश किया गया. एविएशन की भाषा में समझें तो विमान के कॉकपिट में एक ट्रांसपोंडर होता है. पायलट उसमें एक खास कोड सेट कर सकते हैं. जब 7700 सेट किया जाता है तो ये सिग्नल एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सिस्टम तक पहुंचता है. इसके बाद कंट्रोलर को पता चल जाता है कि संबंधित विमान किसी इमरजेंसी का सामना कर रहा है.

कोड आने का मतलब ये नहीं होता कि विमान में कोई खास एक ही तरह की खराबी है. 7700 सिर्फ इतना बताता है कि विमान में ऐसी स्थिति पैदा हुई है, जिसे सामान्य परिस्थिति नहीं माना जा सकता. मसलन, इंजन में समस्या, मेडिकल इमरजेंसी, केबिन में धुआं, प्रेशर से जुड़ी परेशानी या कोई दूसरी गंभीर स्थिति होने पर इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. 

शिकागो की जगह वापस लंदन मुड़ गया विमान 

शिकागो जाने वाली इस फ्लाइट ने फिर अपनी मंजिल की ओर बढ़ने के बजाय वापस लंदन का रुख करते हुए हीथ्रो पर इमरजेंसी लेंडिंग की. शिकागो जाने का प्लान बीच रास्ते में बदल दिया गया और विमान को वापस उसी शहर की ओर भेजा गया, जहां से उसने उड़ान भरी थी. 

क्या तेजी से नीचे आने पर विमान टूटने का खतरा है?

किसी विमान का तेजी से ऊंचाई कम करना देखने में डरावना जरूर लग सकता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि विमान टूटने वाला है. पायलट परिस्थितियों के हिसाब से विमान की ऊंचाई, गति और दिशा को नियंत्रित करते हैं. अगर केबिन प्रेशर से जुड़ी समस्या हो, तो विमान को तेजी से कम ऊंचाई पर लाया जा सकता है, क्योंकि कम ऊंचाई पर बाहर की हवा में सांस लेना आसान होता है.

विमान में हर तेज डिसेंट का कारण प्रेशर लॉस ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है. तकनीकी समस्या, मौसम, मेडिकल इमरजेंसी या दूसरी परिचालन परिस्थितियां भी विमान को नीचे लाने की वजह हो सकती हैं.

अगर केबिन प्रेशर कम हो जाए तो? 

ऐसी स्थिति में यात्रियों को कान बंद होने, कान में दर्द या सांस लेने में परेशानी महसूस हो सकती है. अगर केबिन का दबाव एक तय सीमा से नीचे चला जाए, तो विमान में लगे ऑक्सीजन मास्क अपने आप नीचे आ सकते हैं. ऐसे समय सबसे जरूरी बात होती है कि यात्री घबराएं नहीं और क्रू के निर्देशों का पालन करें.

ऑक्सीजन मास्क मिलने पर पहले अपना मास्क लगाना चाहिए और उसके बाद किसी दूसरे यात्री की मदद करनी चाहिए. कानों में दबाव महसूस होने पर निगलना, जम्हाई लेना या च्युइंग गम चबाना भी मदद कर सकता है. 

फ्लाईदुबई की घटना के बाद फिर चर्चा में 7700

ब्रिटिश एयरवेज की ये घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले ही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में गंभीर घटना हुई थी. 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था.

उस दौरान विमान की ऊंचाई करीब 34 हजार फीट से घटकर 17 हजार फीट तक आ गई थी और 7700 इमरजेंसी कोड इस्तेमाल किया गया. बाद में क्रू और यात्रियों ने आरोपी को काबू किया और विमान की सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी.

ये भी पढ़ें- 'नमाज पढ़ने के बाद किया हमला', स्मित मच्छार बोले- 'भगवान हनुमान ने मुझे हिम्मत दी’, क्रैश होने से 30 सेकंड दूर था विमान

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement