दुनिया
साउथेंड पुलिस ने बताया कि बीचक्राफ्ट B200 टेकऑफ के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सूचना मिलते ही सभी आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं.
ब्रिटेन के साउथेंड एयरपोर्ट पर एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. बीचक्राफ्ट B200 में टेकऑफ करने के कुछ मिनट बाद ही क्रैश हो गया. विमान में आग की लपटें उठने लगी और हर तरफ धुएं का गुब्बार छा गया. विमान में कितने यात्री सवार थे फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. सूचना मिलते ही सभी इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंच गई हैं. इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है.
मिरर रिपोर्ट के अनुसार, हादसा रविवार शाम 4 बजे (स्थानीय समय अनुसार) हुआ. रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान नीदरलैंड के लेलीस्टेड के लिए रवाना हुआ था. लेकिन टेकऑफ होते ही उसमें आग लग गई. जिससे वह रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. जिसमें विमान धूं-धूंधकर जलता नजर आ रहा है. विमान में धुएं का गुब्बार उठ रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थोड़ी देर बाद ही विमान आग के गोले में बदल गया.
साउथेंड पुलिस ने बताया कि हमें रविवार शाम 4 बजे 12 मीटर लंबे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली. सभी आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गई हैं. यह प्रक्रिया कई घंटों तक जारी रहेगी. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस इलाके से दूर रहें और हमारी सूचना के बगैर गलत जानकारी सोशल मीडिया पर न फैलाएं.
अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर बड़ा खुलासा
बता दें कि इससे पहले भारत में ऐसा ही हादसा हुआ था. 12 जून 2025 को यर इंडिया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर दुर्घटना का शिकार हो गया था. वह भी उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज पर जाकर क्रैश हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार 241 यात्रियों समेत 260 लोगों की मौत हो गई थी.
इस हादसे की जांच में पता चला है कि विमान के दोनों फ्यूल कट-ऑफ स्विच 'रन' से 'कटऑफ' की स्थिति में चले जाने के बाद दोनों इंजनों का थ्रस्ट कम हो गया था. हालांकि, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से पता चला है कि एक पायलट ने दूसरे को बताया था कि उसने फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद नहीं किए थे. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से ठीक पहले फ्यूल स्विच फिर से रन स्थिति में आ गए थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.