दुनिया
सोची तट पर रूसी तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद 23 भारतीय नाविक सुरक्षित निकाले गए. काला सागर से रोज निकलने वाले 10 लाख बैरल कच्चे तेल की सप्लाई पर भारी जोखिम बना हुआ है.
कहीं गेहूं से भरे जहाज पानी में डूब रहे हैं तो कहीं तेल के बड़े टैंकरों में आग लग रही है. काला सागर में पिछले कुछ हफ्तों से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. जिस रास्ते से दुनिया के कई देशों तक अनाज और तेल पहुंचता है, वहां अब ड्रोन और हथियारों से हमले हो रहे हैं. पहले रूस और यूक्रेन की लड़ाई में जंगी जहाजों को निशाना बनाया जाता था, लेकिन अब अनाज और तेल लेकर जाने वाले आम कारोबारी जहाज भी इसकी चपेट में आ रहे हैं.
काला सागर यूरोप और एशिया के बीच में है, इसके किनारे रूस, यूक्रेन, तुर्किये, बुल्गारिया, रोमानिया और जॉर्जिया जैसे 6 देश बसे हैं. लेकिन इस समंदर का काम सिर्फ इन देशों तक ही नहीं है, क्योंकि यहां से जाने वाले बड़े जहाज हजारों मील दूर अफ्रीका, मिडिल ईस्ट और एशिया तक सामान पहुंचाते हैं.
इस पूरे रास्ते की सबसे बड़ी जरूरत 2 चीजों के लिए है गेहूं और तेल. रूस दुनिया में सबसे ज्यादा गेहूं बेचने वाले देशों में है, वहीं यूक्रेन भी गेहूं और मक्का बेचने वाला बड़ा देश है और दोनों मिलकर दुनिया में बिकने वाले करीब 1/4 गेहूं को दूसरे देशों तक पहुंचाते हैं. हर साल करोड़ों टन अनाज काला सागर के बंदरगाहों से जहाजों में भरकर बाहर जाता है. अगर किसी वजह से यह रास्ता बंद हो जाए या यहां से जहाजों का आना-जाना कम हो जाए तो मिस्र, बेरूत और नैरोबी जैसे इलाकों में खाने की कीमत बढ़ सकती है.
दूसरी बड़ी चीज तेल है. रूस का कच्चा तेल भी बड़ी मात्रा में इसी रास्ते से दूसरे देशों तक जाता है. रूस के बंदरगाहों से हर दिन करीब 10 लाख बैरल कच्चा तेल जहाजों में भरकर बाहर भेजा जाता है. नोवोरोसिस्क रूस का एक बड़ा तेल केंद्र है और इसके पास कैस्पियन पाइपलाइन कंसोर्टियम का टर्मिनल भी है, जहां से कजाखस्तान का तेल दूसरे देशों तक पहुंचता है. यही वजह है कि काला सागर में अगर जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो उसका असर सिर्फ आसपास के देशों पर नहीं, बल्कि दुनिया भर में खाने, तेल और दूसरी चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
काला सागर की सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि यहां से बाहर निकलने के रास्ते बहुत कम हैं. यह कोई ऐसा खुला समंदर नहीं है जहां से जहाज अपनी मर्जी से किसी भी तरफ निकल सकें. अगर किसी जहाज को इस समंदर से भूमध्य सागर की ओर जाना है तो उसे तुर्किये के एक बहुत संकरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है. सबसे पहले जहाज बोस्फोरस जलडमरूमध्य से निकलते हैं, फिर मरमारा के छोटे समंदर को पार करते हैं और इसके बाद डार्डानेल्स से होकर बाहर जाते हैं. इन सभी रास्तों पर तुर्किये का कंट्रोल है और 1936 के मॉन्ट्रो समझौते के तहत यहां जहाजों की आवाजाही के नियम तय होते हैं. अगर कोई बड़ा खतरा पैदा हो जाए या इन रास्तों पर किसी वजह से आवाजाही रुक जाए तो जहाजों के पास बाहर निकलने का कोई आसान दूसरा रास्ता नहीं है. ऐसे में रास्ता बंद होते ही जहाजों की आवाजाही रुक सकती है और अनाज, तेल और दूसरी जरूरी चीजों की सप्लाई पर भी असर पड़ सकता है.
2022 में जब रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हुई तो समुद्र में बड़े-बड़े जंगी जहाजों, मिसाइलों और बारूदी सुरंगों का इस्तेमाल होने लगा. रूस की नेवी काफी बड़ी और ताकतवर थी, जबकि यूक्रेन के पास इतने बड़े जंगी जहाज नहीं थे. ऐसे में यूक्रेन ने रूस से लड़ने का अलग तरीका निकाला. उसने छोटे, कम खर्च वाले समुद्री ड्रोन बनाने शुरू किए, जिन्हें दूर बैठकर रिमोट से चलाया जा सकता है. ये ड्रोन पानी के ऊपर तेज रफ्तार से चलते हैं और इनमें विस्फोटक भरा होता है. इनकी मदद से यूक्रेन रूस के बड़े जहाजों को निशाना बना सकता है, वो भी बिना अपने बड़े जंगी जहाजों को खतरे में डाले.
यूक्रेन ने क्रीमिया के पास रूस के बड़े नौसैनिक अड्डे सेवस्तोपोल पर इन ड्रोनों से कई हमले किए. इसके बाद रूस को अपने बड़े जंगी जहाज वहां से हटाकर नोवोरोसिस्क ले जाने पड़े. लेकिन यहीं से नई परेशानी शुरू हो गई, क्योंकि नोवोरोसिस्क सिर्फ रूस का फौजी अड्डा नहीं है, बल्कि एक बड़ा कारोबारी बंदरगाह भी है, जहां से अनाज, खाद और तेल दूसरे देशों तक भेजा जाता है. अब हालत यह है कि जिस इलाके में रूसी जंगी जहाज ड्रोनों से बचने के लिए मौजूद हैं, वहीं से आम माल ढोने वाले जहाज भी गुजरते हैं.
5 अक्टूबर 2026 को यूक्रेन से मक्का लेकर जा रहे तुर्किये के एक मालवाहक जहाज पर हमला हुआ और वह रोमानिया के समुद्री इलाके में डूब गया. इस हादसे में 2 की मौत हो गई. इसके सिर्फ 2 दिन बाद बुल्गारिया के समुद्री इलाके में 2 और कारोबारी जहाजों को निशाना बनाया गया. यह नाटो देशों के समुद्री इलाके में इस तरह का पहला हमला बताया गया. इनमें से 1 जहाज डूब गया और उसके 10 लोग लापता हो गए, जबकि दूसरे जहाज पर सवार 18 लोगों को बचा लिया गया, जिनमें 7 भारतीय भी थे.
इसके बाद खतरा रूस के मशहूर शहर सोची के तट तक पहुंच गया, जहां लाइबेरिया के झंडे वाला कच्चे तेल का बड़ा टैंकर 'अफ्रामैक्स रियो' समुद्री ड्रोन के हमले की चपेट में आ गया. हमले के बाद टैंकर में आग लग गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 23 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. सबसे खास बात यह रही कि इस जहाज पर काम करने वाले सभी 23 लोग भारतीय थे.
रूस का कहना है कि यूक्रेन के डेन्यूब नदी के पास बने बंदरगाहों और किनारे के गोदामों से बाहर से हथियार लाए जा रहे हैं, इसलिए वह इन जगहों को निशाना बना रहा है. दूसरी तरफ यूक्रेन रूस के तेल ले जाने वाले जहाजों और उसके तेल ठिकानों पर हमला कर रहा है. उसका मकसद है कि रूस की तेल से होने वाली कमाई को किसी भी तरह से रोकना है, ताकि जंग में आग बढ़ने के लिए उसके पास पैसे कम पड़ जाए. लेकिन इन हमलों के बीच सबसे ज्यादा डर जहाजों पर पर काम कर रहे लोगों को है जो रोजी रोटी कमाने के लिए समंदर में निकलते हैं, जिनका इस जंग से कोई लेना-देना नहीं है.
काला सागर में कोई जहाज डूबे या उस पर हमला हो, इसका असर सिर्फ जहाजों तक नहीं रहता, बल्कि आम लोगों की जेब पर भी पड़ता है. जैसे ही वहां ड्रोन और मिसाइल हमलों का खतरा बढ़ता है, जहाजों का बीमा महंगा हो जाता है. बीमा कंपनियों को लगता है कि जंग के माहौल में जहाज को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए वे ज्यादा पैसे मांगने लगती हैं. बुल्गारिया की सरकार भी कह चुकी है कि बीमा इतना महंगा हो गया है कि सामान लाने-ले जाने वाली कंपनियों के लिए वहां जहाज चलाना मुश्किल हो रहा है.
दूसरी तरफ, जहाज मालिक भी बढ़ते खतरे को देखते हुए सामान ढोने का किराया बढ़ा देते हैं. अब जब जहाज से सामान लाने का खर्च बढ़ेगा, तो उसका असर चीजों की कीमत पर भी पड़ेगा. यानी पेट्रोल-डीजल से लेकर आटा, तेल और खेतों में इस्तेमाल होने वाली खाद तक महंगी हो सकती है.
इस पूरे मामले में भारत की चिंता 2 चीजों को लेकर है. पहली तो अपने लोगों की सुरक्षा और दूसरी दुनिया तक खाने-पीने की चीजें पहुंचती रहे. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में कहा कि अगर काला सागर से अनाज और खाद आना रुक गया तो दुनिया में खाने की बड़ी कमी हो सकती है. दुनिया के कारोबारी जहाजों पर काम करने वाले नाविकों में 10% से ज्यादा भारतीय हैं. ये नाविक पहले ही लाल सागर और अदन की खाड़ी में मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर चुके हैं. एस जयशंकर पहले भी कह चुके हैं कि भारत समुद्र में आवाजाही को सुरक्षित बनाने लिए दोनों देशों के संपर्क में है.