दुनिया
बैंकॉक एक फेमस पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद ही दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के एक पब में अचानक भीषण आग लगने से 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 63 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. प्रशासन के मुताबिक, घायलों में से करीब 22 लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. यह हादसा रविवार-सोमवार की आधी रात के वक्त शहर के उत्तरी इलाके में स्थित एक एंटरटेनमेंट वेन्यू में हुआ.
देखते ही देखते लपटों ने पूरी बिल्डिंग को घेर लिया और वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल खुद हालात का जायजा लेने मौके पर पहुंचे. उन्होंने हादसे में 27 मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.
प्रशासन ने मामले की हाई-लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि साफ हो सके कि आखिर यह आग कैसे लगी. चश्मदीदों और रेस्क्यू टीम के मुताबिक, हादसा आधी रात से ठीक पहले हुआ. सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आए हैं, वे रौंगटे खड़े करने वाले हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि पब के मुख्य दरवाजे से आग की भयंकर लपटें बाहर निकल रही हैं और अंदर फंसे लोग बदहवास होकर अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भाग रहे हैं.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा चतुचक इलाके में मौजूद 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' नाम के पब में हुआ. पब के भीतर ज्वलनशील चीजें होने की वजह से आग कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत में फैल गई. शुरुआत में जब दमकलकर्मी पहुंचे, तो उन्हें लगा कि नुकसान कम है और उन्होंने एक झुलसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला. लेकिन असल भयावहता तब सामने आई जब पता चला कि अंदर दर्जनों लोग फंसे हुए हैं.
पब के अंदर मौजूद कई लोगों ने आग और धुएं से बचने के लिए टॉयलेट का रुख किया. उन्हें लगा कि वहां वे सुरक्षित रहेंगे, लेकिन यही फैसला उनकी मौत की वजह बन गया. धुएं और दम घुटने के कारण सबसे ज्यादा लाशें टॉयलेट के अंदर से ही बरामद हुईं. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था. अंदर का नजारा ऐसा था कि चारों तरफ जली हुई कुर्सियां, टेबल और मलबा बिखरा पड़ा था.
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें मौके पर मौजूद हैं. जांच इस बात की हो रही है कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली और क्या इस पब के पास जरूरी फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट्स थे? क्या आपातकालीन निकास का कोई इंतजाम था या नहीं? वैसे, थाईलैंड के नाइटक्लबों और पब्स में इस तरह के हादसे पहली बार नहीं हुए हैं. सुरक्षा नियमों की अनदेखी का यहां पुराना इतिहास रहा है. साल 2022 में पूर्वी थाईलैंड के एक म्यूजिक पब में आग लगी थी, जिसमें 14 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी.
साल 2009 में भी सांटिका नाइटक्लब हादसा हुआ था. ये थाईलैंड के इतिहास की सबसे बड़ी नाइटक्लब त्रासदी थी. नए साल के जश्न के दौरान पब के अंदर चलाई गई आतिशबाजी की वजह से आग लग गई थी, जिसमें 66 लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग अपाहिज या गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
ये भी पढ़ें- ईरान के बंदर अब्बास, केशम द्वीप और सिरिक में धमाके, अमेरिका ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया