ट्रेंडिंग
Shocking Video: आवारा कुत्तों के हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. रोजाना कहीं न कहीं से कुत्ते के झपटने के वीडियो वायरल हो रहे हैं, लेकिन उदयपुर से आया ये वीडियो बेहद दहलाने वाला है.
Shocking Video: गली के आवारा कुत्ते हर शहर में मुसीबत बने हुए हैं. आवारा कुत्तों के हमले का कोई न कोई वीडियो रोजाना वायरल होता रहता है. लेकिन अब राजस्थान के उदयपुर शहर में कुत्तों के हमले का वीडियो (Udaipur Dog Attack Video) सामने आया है, जो आपको दहला सकता है. सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में कुत्ते महज काटने के लिए बच्चे पर हमला करते हुए नहीं दिख रहे हैं बल्कि वे बाकायदा बच्चे को घेरकर उसका शिकार कर रहे हैं. इस दौरान दो महिलाएं अपने घर के बाहर दरवाजे तक शोर सुनकर आती हैं, लेकिन वे बच्चे को बचाने के बजाय महज चिल्लाने लगती हैं. इससे सोशल मीडिया पर लोग बेहद भड़क गए हैं.
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में
सोशल मीडिया पर @1K_Nazar से 26 जून को पोस्ट किए गए वीडियो उदयपुर की खारोल कॉलोनी का बताया जा रहा है, जिसमें 8 साल के मासूम बच्चे को कुत्तों को एक झुंड घेर लेता है. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दो कुत्ते बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे बच्चे का हाथ अपने मुंह में दबाकर उसे खींचकर नीचे गिराते हैं. इसके बाद बाकी कुत्ते उसके ऊपर टूट पड़ते हैं और उसे नोंचने लगते हैं. बच्चा बचने के लिए चिल्लाता हुआ दिख रहा है. उसकी चीख सुनकर सीसीटीवी कैमरे वाले घर के अंदर से दो महिलाएं दौड़कर बाहर आती हैं, लेकिन अपने घर के गेट से बाहर नहीं निकलतीं और वहीं से चिल्लाकर कुत्तों को भगाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं.
खेलने के लिए घर से निकला था बच्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुत्तों के हमले का शिकार हुआ बच्चा मंगलवार शाम 5.30 बजे खेलने के लिए अपने दोस्त के घर जाने को घर से बाहर निकला था. तीसरी क्लास के बच्चे को कुत्ते जब नोंच रहे थे, उसी समय उसका एक दोस्त साइकिल लेकर वहां आया और शोर मचाया, तब तीन कुत्ते तो वहां से भाग निकले. एक कुत्ता इसके बावजूद भी उसे नोंचता रहा. इससे बच्चा बुरी तरह घायल हो गए. सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है कि ऐसे खौफनाक दृश्य हर रोज अलग-अलग शहरों से आ रहे हैं, लेकिन किसी जानवर की मजाल, जो इंसानों पर हो रहे इस अत्याचार पर 2-4 सुरक्षित कदम उठा सके. इस वीडियो को अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और इसे 1.5 हजार बार रिपोस्ट किया गया है.
ऐसे खौफनाक दृश्य लगभग हर रोज अलग-अलग शहरो से आ रहे है मगर किसी जानवर की क्या मजाल जो इंसानो पर हो रहे इस अत्याचार पर 2-4 सुरक्षित कदम उठा सके। pic.twitter.com/66M0hcjQ7k
— एक नजर (@1K_Nazar) June 26, 2025
बच्चे के शरीर पर आए हैं गहरे जख्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुत्तों ने बच्चे के हाथ, पैर, पेट और कमर पर बुरी तरह काटा है. इससे उसके शरीर पर बेहद गहरे जख्म आए हैं. उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद 3 इंजेक्शन दिए गए हैं. खारोला कॉलोनी के लोगों ने आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की गुहार उदयपुर प्रशासन से लगाई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.