ट्रेंडिंग
Lucknow Viral Video: चोरों का यह गजब का कारनामा सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हो गया है. लोग चोरों का कारनामा देखकर हैरान हो रहे हैं और Uttar Pradesh Police की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
Lucknow Viral Video: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के राज में लगातार एनकाउंटर के बावजूद चोर-बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका नमूना प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ही देखने को मिला है. लखनऊ में एक घर में चोरी के लिए घुसे चोरों ने पहले नूडल्स बनाकर खाए और फिर एयर कंडीशनर चलाकर आराम किया. इसके बाद तसल्ली से पूरे घर की तलाशी लेकर चोरी की और फिर फरार हो गए. चोरों के इस कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोग हैरान हो रहे हैं. साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस (Uttar Pradesh Police) की व्यवस्था पर सवाल भी उठा रहे हैं.
इलाज के लिए दिल्ली गया हुआ था परिवार
लखनऊ के गाजीपुर थाना इलाके के इंदिरानगर सी-ब्लॉक में एक रिटायर्ड बैंक अफसर रहते हैं. रिटायर्ड अधिकारी इलाज कराने के लिए अपने परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे. उनसे पीछे घर बंद पड़ा हुआ था. इसी दौरान चोर उनके घर में घुसे और पूरी तसल्ली से घर खंगालने के बाद कीमती सामान चोरी करके चले गए.
किचन में मैगी नूडल्स बनाए, जाने से पहले पूरे घर को बिखेरा
किसी ने घर के दरवाजे खुले देखकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस जब घर में पहुंची तो बिस्तर पर मैगी नूडल्स की प्लेट रखी हुई थी. आलमारियों से कपड़े निकालकर बिस्तर पर बिखेरे हुए थे. फर्श पर तरह-तरह की चीजें बिखरी पड़ी थीं. रसोई और कमरों में आलमारी के दरवाजे आधे खुले हुए थे. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि चोरों के पास खूब समय था. किचन में काउंटर पर मैगी नूडल्स का आधा खुला हुआ पैकेट रखा हुआ था. गैस स्टोव पर कड़ाही रखी हुई थी, जिसमें मैगी बनाई गई थी और मटर की घुघती बनाई गई थी. लाइटर और माचिस भी काउंटर पर पड़ी हुई थी. रसोई की सारी आलमारियों के दरवाजे खुले हुए थे. इससे लगता है कि चोरों ने पूरी तसल्ली के साथ एक-एक डिब्बे की तलाशी ली थी.
लखनऊ में चोरों ने चोरी करने से पहले मैगी बनाई: AC चलाकर आराम किया, उसके बाद घर का सामान समेटा और चलते बने..!! गाजीपुर थाना क्षेत्र में इंदिरानगर सी-ब्लॉक का है, यहां चोरों ने एक रिटायर्ड बैंककर्मी के घर में चोरी की, चोरी से पहले सबने मैगी बनाई !! काफी देर तक मैगी पार्टी चली।… pic.twitter.com/HzOsZ2pF0l
— Vedant Sharma ( son of uttar pradesh ) (@vedant_livee) June 17, 2025
एयर कंडीशनर चलाकर खाई मैगी
पुलिस के मुताबिक, चोरों की संख्या का पता नहीं चल सका है, लेकिन घर के बिखरे हुए होने से कई चोरों के होने का अंदाजा लगाया जा रहा है, चोरों ने मैगी नूडल्स और मटर घुघती बनाने के बाद कमरे का एयर कंडीशनर चलाकर आराम से बैठकर खाने का लुत्फ लिया. इसके बाद उन्होंने कीमती सामान बटोरा और फरार हो गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी पूरा घर बिखरा हुआ दिख रहा है.
पीड़ित परिवार के लौटने का इंतजार कर रही पुलिस
पुलिस को मौके पर घर के सभी लॉकर टूटे हुए मिले हैं. पुलिस ने दिल्ली में पीड़ित परिवार को घटना की सूचना दी है. इससे पता चला है कि वे सभी कीमती ज्वैलरी अपने साथ दिल्ली ही ले गए हैं. इसके बावजूद क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस पीड़ित परिवार के लौटने का इंतजार कर रही है. अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार के लौटने के बाद उनसे मिली जानकारी के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा. पुलिस आसपास के घरों की सीसीटीवी फुटेज भी जुटा रही है, जिससे संदिग्ध चोरों की पहचान की जा सके.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.