ट्रेंडिंग
Trending News: एक यूट्यूब वीडियो में 26 साल के इस युवक ने अपनी कलाकारी का नमूना सभी के साथ साझा किया है, जिसमें उनकी कार हूबहू Lamborghini Huracan की डुप्लीकेट लग रही है.
Trending News: हर किसी का सपना अपने गैराज में एक सुपरकार रखने का होता है, लेकिन इसे अफोर्ड सैकड़ों में कोई एक ही कर पाता है बशर्ते आप बिबिन नहीं हैं. केरल के 26 साल के बिबिन ने खुद ही अपने लिए लैंबॉर्गिनी हुराकैन जैसी सुपरकार तैयार कर ली है. क्वालिटी एश्योरेंस प्रोफेशनल के तौर पर काम करने वाले बिबिन ने अपना यह सपना जिस तरीके से पूरा किया है, उससे हर कोई हैरान है. दरअसल बिबिन ने मिलियन डॉलर प्राइस टैग वाली यह कार महज अपने पैशन के बूते पर गैराज में पड़े स्क्रैप स्पेयर पार्ट्स से बनाकर सभी कौ चौंका दिया है.
यूट्यूब वीडियो में दिखाया है पूरा ड्रीम
बिबिन ने अपनी कार एक यूट्यूब वीडियो में दिखाई है, जिसमें उन्होंने मारुति आल्टो जैसी कार के स्क्रैप से लैंबॉर्गिनी बनाने के बारे में सारी जानकारी दी है. उन्होंने अपनी कस्टम-बिल्ट सुपरकार का पूरा टूर भी वीडियो में कराया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि कैसे स्क्रैप कर दिए गए मैटल, फाइबरग्लास शीट्स और पुरानी कारों के पार्ट्स से इसे बनाया है. यह सब देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे.
आल्टो का इंजन, उसके ही पहिये
बिबिन वीडियो में बताते हैं कि उनकी लैंबॉर्गिनी मारुति सुजुकी आल्टो के पहियों पर खड़ी है और उसके ही इंजन से चलती है. लैंबॉर्गिनी स्टाइल के ही स्टेयरिंग व्हील को एक अन्य कार से लिया गया है. इसमें लैंबॉर्गिनी जैसे ही बटरफ्लाई दरवाजे लगाए गए हैं, जो वाइपर मोटर और कार जैक की मदद से तैयार किया गया है. ये सब एक बटन पर काम करते हैं.
तीन साल की मेहनत में किया है तैयार
बिबिन ने अपने वीडियो में यह भी बताया है कि वे इस प्रोजेक्ट पर तीन साल से काम कर रहे थे. अपने टाइट शेड्यूल के कारण वे इसके लिए रात के समय ही टाइम दे पाते थे. अब तक वह इस कार में 1.5 लाख रुपये का निवेश कर चुके हैं, लेकिन अब भी कार में 20 से 30 फीसदी काम बाकी है. कार का इंटीरियर अधूरा है, जिसकी सीटों पर अब तक गद्दी भी नहीं लगी है.
लोग यूट्यूब पर वीडियो देखकर कर रहे तारीफ
बिबिन की कार का वीडियो यूट्यूब (YouTube) पर देखकर लोग हैरान होने के साथ ही उनकी तारीफ भी कर रहे हैं. स्क्रैप स्पेयर पार्ट्स से लग्जरी स्पोर्ट्स कार तैयार करने के उनके आर्ट वर्क को लोग आश्चर्यजनक बता रहे हैं. एक व्यक्ति ने लिखा,'निश्चित रूप से अविश्वसनीय, स्क्रैप को हैरानी भरे आर्ट के लिए स्किल, धैर्य और पूरी तरह समर्पण की जरूरत होती है. आपको इस असंभव काम को संभव बनाने के लिए सलाम है.' दूसरे यूजर ने लिखा,'यह पूरी तरह मानसिकता की बात है. यदि आप खरीद नहीं सकते तो आपको काम करना होगा. आप लैंबॉर्गिनी के प्रतिद्वंद्वी हैं.'
67 साल के बुजुर्ग ने बनाई थी इलेक्ट्रिक कार
इससे पहले केरल के ही 67 साल के बुजुर्ग ने एक इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाया था, जिसका वीडियो सामने आया था. यह इलेक्ट्रिक कार पूरी तरह चार्ज होने पर 60 किलोमीटर तक चल सकती थी. यह महज 1 यूनिट इलेक्ट्रिसिटी खर्च करती है, जिसकी लागत 5 रुपये आता है. उन्होंने अपनी कार का नाम 'Pulkoodu' रखा था, जिसमें दो लोग सवार हो सकते थे. इस कार में हेडलाइट, फॉग लाइट इंडीकेटर और फ्रंट व बैक वाइपर्स लगे हुए थे. यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.