ट्रेंडिंग
Shocking Video: इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे विवाद पैदा हो गया है. इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के आला अफसरों ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.
Shocking Video: चोर को सबक सिखाने की कोशिश में जम्मू-कश्मीर पुलिस (Jammu and Kashmir Police) खुद 'Singham' बन गई. जम्मू में पुलिसकर्मियों ने चोर को पकड़ने के बाद उसके ऊपर के कपड़े उतारकर आधा नंगा किया. इसके बाद उसके गले में जूते-चप्पलों का हार पहनाया और फिर हथकड़ी बांधकर पुलिस जीप के बोनट पर बैठाकर पूरे शहर में उसकी परेड निकाली. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद विवाद पैदा हो गया है. लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. साथ ही पुलिस की इस कार्रवाई को 'गैरपेशेवर रवैया' बताते हुए निंदा शुरू कर दी है. इसके बाद आला अफसरों ने इस घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.
दवा खरीदते समय पैसा चुराते हुए पकड़ा गया था चोर
जम्मू के बख्शी नगर एरिया में एक शख्स को मेडिकल स्टोर में पैसे चुराते हुए उस समय दबोचा गया था, जब वह अपने मरीज के लिए दवाइयां खरीदने पहुंचा था. उस पर 40,000 रुपये चुराने का आरोप लगाया गया था. बख्शीनगर पुलिस स्टेशन के SHO ने इसके बाद कई स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस घटना को चोरों के लिए मिसाल बनाने की प्लानिंग बनाई. इसके बाद आरोपी को हथकड़ी बांधकर उसकी परेड निकालने का निर्णय लिया गया.
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स को पुलिस जीप के बोनट पर बैठाया गया है. वह केवल पैंट पहने हुए है और ऊपर से आधा नंगा है. उसके हाथ हथकड़ी से पीछे की तरफ बंधे हुए हैं. उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पड़ी हुई है. पुलिसकर्मी उसे डंडे के जोर पर जबरन अपना मुंह ऊपर रखकर सबको दिखाने के लिए मजबूर कर रहे हैं. जीप सड़क पर घूम रही है. इस दौरान पुलिस पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिये सभी को यह बता रही है कि इस शख्स को 40,000 रुपये चोरी करते समय गिरफ्तार किया गया है.
#Jammu: Bakshi Nagar police caught a thief and made him wear a garland of shoes while walking him through the market.#JammuAndKashmir pic.twitter.com/9iAJTDIuBx
— Govind Singh🇮🇳 (@Govindsmedia) June 24, 2025
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर भड़के लोग
यह वीडियो सोशल मीडिया पर बेहद वायरल हो गया है, जिसे देखकर लोग नाराज हो रहे हैं. लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है. इसे गैर पेशेवर तरीका बताया गया है. सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद जम्मू पुलिस (Jammu Police) के अफसरों ने भी बख्शी नगर पुलिस स्टेशन की टीम के इस कारनामे को गलत बताते हुए कहा है कि एक अनुशासित संगठन के सदस्यों का यह गैरपेशेवर व्यवहार है. DCP लेवल के एक अफसर ने इस घटना की जांच करने और एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट दाखिल करने के आदेश दिए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.