ट्रेंडिंग
Car Accident Video: हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में दो दिन पहले हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. यह वीडियो आज सामने आया है.
Car Accident Video: सड़क पर हाई स्पीड ड्राइविंग लगातार जानलेवा हो रही है. इसके बावजूद लोग सुधरने के लिए तैयार नहीं हैं. हैदराबाद में मंदिर से लौट रही एक महिला को हाई स्पीड बोलेरो ने उस समय टक्कर मारकर हवा में उड़ा दिया, जब वह अपनी कार खराब होने के बाद बाहर सड़क पर उतरी थी. बोलेरो की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है, जबकि इस हादसे के बाद महिला को उठाने के लिए दौड़ रहा उसका रिश्तेदार भी ठोकर लगकर गिरने से घायल हो गया है. दो दिन पहले हुए इस हादसे की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का वीडियो बुधवार को सबके सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता दिखाई दे रही है.
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि हाइवे पर तेज गति के ट्रैफिक के बीच में कार अचानक रुक जाती है. सड़क किनारे लगी कार के पिछले दरवाजे से महिला ट्रैफिक वाली साइड उतरती है. इस दौरान उसका रिश्तेदार भी बोनट के पास खड़ा होकर कार की जांच करने लगता है. इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही सामान ढोने वाली बोलेरो गाड़ी अचानक कंट्रोल खोते हुए सड़क के दूसरे किनारे से कम से कम 30 फुट दूर सीधे महिला की तरफ आती है और उसे बेहद जोर से टक्कर मारती है. महिला टक्कर लगते ही हवा मे उचलकर करीब 20-25 फुट दूर जाकर गिरती है. बोलेरो का ड्राइवर स्टेयरिंग दोबारा सड़क की तरफ मोड़ता है और गाड़ी लेकर वहां से फरार हो जाता है. कार से उतरकर महिला का बेटा और बोनेट के पास खड़ा रिश्तेदार उसकी तरफ दौड़ते हैं. रिश्तेदार ठोकर लगने से मुंह के बल गिर जाता है.
Another #HitANDRun case in #Hyderabad
— Surya Reddy (@jsuryareddy) June 24, 2025
Warning ⚠️ - Disturbing Video
A woman was killed, after a #Speeding Bolero goods vehicle, hit her and fled away in #Kukatpally, she was thrown into the air, after being struck by goods vehicle, the #RecklessDriving caught in #CCTV
The car… pic.twitter.com/ObtWN5DWyN
मंदिर से लौट रही थी महिला
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को कुकटपल्ली एरिया में हुई है. एक्सीडेंट में मौत का शिकार हुई महिला का नाम कृतिका है, जो अपने पति अमित करन, बेटे माधव और सास-ससुर के साथ मंदिर गई थी. मंदिर से लौटते समय उनकी कार अचानक खराब हो गई. इसके चलते महिला कार से नीचे उतरी थी.
दुर्घटना या हत्या, यह उठ रहा सवाल
महिला की मौत के बाद हैदराबाद पुलिस ने इस मामले की जांच एक्सीडेंट के तौर पर शुरू की थी, लेकिन बुधवार को सामने आए CCTV Video ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में ऐसा लग रहा है कि बोलेरो ड्राइवर ने जानबूझकर अपनी गाड़ी को कार की तरफ मोड़ा था, क्योंकि टक्कर लगने से पहले बोलेरो बहुत दूर तक सड़क के दूसरे किनारे पर आई थी और टक्कर लगते ही ड्राइवर ने उसे कंट्रोल कर लिया. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर उठ रहे सवालों को देखते हुए यह भी जांच की जाएगी कि यह मामला हत्या का तो नहीं है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.