ट्रेंडिंग
हिमाचल प्रदेश अपने हरे-भरे पहाड़ों और मनमोहक नज़ारों के लिए जाना जाता है, लेकिन एक वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे पर्यटक इस खूबसूरत राज्य की खूबसूरती को तबाह कर रहे हैं. एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया.
हिमाचल प्रदेश, जहां की हरी-भरी वादियां, शांत झरने और दिल को छू लेने वाले पहाड़ी नज़ारे देश-विदेश से पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं, आज उसी स्वर्ग को इंसानी लापरवाही निगल रही है. हाल ही में बरोट घाटी स्थित लापस झरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने लोगों को गुस्से और शर्म से भर दिया. एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें पर्यटक शराब पीते हुए, पानी में खाली बोतलें और कूड़ा फेंकते हुए नजर आ रहे है.
कचरे का डंपिंग ज़ोन बना झरना
वीडियो में महिला ने व्यंग्यात्मक लहजे में इसे "भारत में सबसे अच्छी नागरिक समझ" बताया. यह कमेंट जितनी व्यंग्यपूर्ण थी, उतनी ही कटु भी. वीडियो में न केवल पर्यटकों की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें दिखीं, बल्कि यह भी उजागर हुआ कि किस तरह अस्थायी फूड स्टॉल घाटियों को खुलेआम कचरे का डंपिंग ज़ोन बना रहे है. कूड़ेदान की जगह प्लास्टिक कचरा और पन्नियों से घाटियों को भर दिया गया है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन भी खतरे में पड़ गया है.
सोशल मीडिया पर आक्रोश
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं तीखी थी. किसी ने इसे "दुखद" बताया, तो किसी ने कहा, "भारत में नागरिक भावना एक मज़ाक है." एक यूजर ने लिखा, "ये शराबी लोग सबसे खूबसूरत ट्रेक को भी खराब कर देते है." वहीं, कई यूजर्स ने पर्यटकों की सफाई न करने की आदत को मुख्य समस्या बताया. तुलना में कहा गया कि "दूसरे देशों में भी लोग पिकनिक मनाते हैं, शराब पीते हैं, लेकिन वहां लोग सफाई करते है."
एक यूजर ने हिमाचल पुलिस और टूरिज्म विभाग को टैग करते हुए लिखा, "यह लापस झरना अब कचरे का अड्डा बन गया है. सरकार चुप है, और स्थानीय लोग भी इस बर्बादी का हिस्सा बन चुके है."
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.