ट्रेंडिंग
Tej Pratap Yadav की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय के साथ हुई थी, लेकिन दोनों के बीच लंबे हाई प्रोफाइल ड्रामे के बाद तलाक का मुकदमा चल रहा है. अब तेज प्रताप ने बताया है कि वे एक लड़की के साथ 12 साल से रिलेशनशिप में हैं.
Bihar News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे और राज्य के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) लगातार चर्चा में बने रहते हैं. कभी कृष्ण बन जाने, कभी शिव बन जाने तो कभी विदेश में जाकर समुद्र तट पर साधु की तरह ध्यान लगाने जैसे कामों के चलते तेज प्रताप यादव लाइमलाइट में रहते हैं. लेकिन शनिवार शाम को उन्होंने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने उनके फैंस को भी चौंका दिया है. तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिये सभी के साथ यह राज साझा किया है कि वे ए लड़की के साथ 12 साल से रिलेशनशिप में हैं. उन्होंने अनुष्का यादव नाम की इस लड़की के साथ अपनी तस्वीर भी पोस्ट की है. तेज प्रताप यादव की इस भावुक पोस्ट के बाद उनके फैंस के रिएक्शन की बाढ़ सोशल मीडिया पर आ गई है.
यह बात लिखी है सोशल मीडिया पर तेज प्रताप ने
तेज प्रताप ने अपने फेसबुक पेज पर अनुष्का यादव के साथ फोटो पोस्ट की है. इस फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा,'मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं उनका नाम अनुष्का यादव है. हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं. हमलोग पिछले 12 सालों से एक relationship में रह रहें हैं. मैं बहुत दिनों से आपलोगों से यह बात कहना चाहता था पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं. इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं. आशा करता हूं आपलोग मेरी बातों समझेंगे.'

तेज प्रताप के फैंस ने दिया ऐसा रिएक्शन
तेज प्रताप के फैंस भी उनकी इस घोषणा से चौंक गए हैं. हालांकि उन्होंने खुशी भी जताई है, लेकिन बहुत सारे लोगों ने तेज प्रताप को उनकी पत्नी ऐश्वर्या का नाम लेकर छेड़ने के भी कोशिश की है. फेसबुक पर पोस्ट होने के थोड़ी ही देर बाद इसे 13 हजार लोग देख चुके थे, जबकि 200 से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया था. एक युवक ने लिखा,'बिल्कुल राधा कृष्ण की जोड़ी लग रही है.' दूसरे ने लिखा,'ये खुद चरित्रहीन इंसान निकला. चरित्र की बदनामी अपनी वाइफ ऐश्वर्या की करते हुए घर से निकाल दिया. पूरा परिवार ही धोखेबाज है.' तीसरे यूजर ने लिखा,'तेजस्वी ईसाई लाया था तो मोमीन (मुस्लिम) तो लाता कम से कम.' एक यूजर ने लिखा,'बिहार की राजनीति में तेजू भइया का एक और धमाका.'
कौन हैं अनुष्का यादव
तेज प्रताप यादव ने अपना यह पोस्ट थोड़ी देर बाद ही डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक इसके स्क्रीनशॉट हर तरफ वायरल हो गए थे. इसके बाद लोगों ने यह सर्च करना शुरू कर दिया है कि अनुष्का यादव कौन हैं? हालांकि अब तक इसका जवाब किसी को नहीं मिला है.
2018 में हो गई थी तेज प्रताप की शादी, चल रहा तलाक का केस
तेज प्रताप की शादी साल 2018 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती व पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से हुई थी. चंद्रिका राय उस समय लालू प्रसाद यादव की पार्टी RJD के ही नेता थे. हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही आधुनिक तरीके से पलीबढ़ी ऐश्वर्या और तेज प्रताप में अनबन हो गई थी. दोनों के बीच तलाक का केस अदालत में लंबित है. इसके बाद चंद्रिका राय भी RJD का दामन छोड़कर नीतीश कुमार की JDU में चले गए थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.