ट्रेंडिंग
कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाने के लिए दुनिया में कई ऐसे शहर हैं जिन्होंने अपने कर्मचारियों को सिर्फ़ चार दिन काम करने और तीन दिन आराम करने की अनुमति देकर तीन हफ़्ते की छुट्टी देने का प्रावधान किया है. आइए आपको बताते हैं कि ऐसा कहां हो रहा है.
दुनिया भर में पारंपरिक 6-दिवसीय या 5-दिवसीय वर्किंग वीक का चलन अब धीरे-धीरे बदल रहा है. कई विकसित देशों जैसे जापान, आइसलैंड, आयरलैंड, और ऑस्ट्रेलिया ने चार दिन के कार्य सप्ताह की दिशा में कदम बढ़ाया है. इस सूची में अब दुबई का नाम भी जुड़ गया है, जहां सरकार ने गर्मियों के मौसम में कर्मचारियों के लिए तीन दिन का वीकेंड और चार दिन का कार्य सप्ताह लागू करने का निर्णय लिया है.
ये नई नीति फिलहाल दुबई के सार्वजनिक क्षेत्र (Public Sector) के कर्मचारियों पर लागू की गई है. ये व्यवस्था 1 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रभावी रहेगी. इसके पीछे मुख्य उद्देश्य है वर्क-लाइफ बैलेंस को बेहतर बनाना और भीषण गर्मी के मौसम में कर्मचारियों को अधिक लचीलापन देना.
नई प्रणाली के तहत कर्मचारियों को दो समूहों में बांटा जाएगा. जिसमें पहले समूह में सोमवार से गुरुवार तक 8 घंटे काम करना है. शुक्रवार, शनिवार और रविवार को पूर्ण अवकाश मिलेगा. वहीं दूसरे समूह में सोमवार से गुरुवार तक 7 घंटे वर्किंग पीरियड है, तो शुक्रवार को 4.5 घंटे काम तक ही काम करना है. शुक्रवार दोपहर से रविवार तक छुट्टी मिलती है.
दुबई सरकार ने पिछले वर्ष इस नीति का पायलट प्रोजेक्ट चलाया था, जिसे सफल पाया गया. इसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों की संतुष्टि, उत्पादकता और मनोबल में वृद्धि देखी गई. इसी आधार पर अब इस नीति को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है.
डीजीएचआर के महानिदेशक अब्दुल्ला अली बिन जायद अल फलासी ने कहा कि ये बदलाव केवल समय के शेड्यूल का नहीं, बल्कि कार्यस्थल की मानसिकता में बदलाव का संकेत है. अब सरकार केवल संस्थागत दक्षता नहीं, बल्कि कर्मचारियों की भलाई और खुशहाली को भी प्राथमिकता दे रही है.
विश्व स्तर पर 100:80:100 मॉडल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसमें कर्मचारी 100% वेतन लेते हैं, 80% समय काम करते हैं, लेकिन 100% उत्पादकता की अपेक्षा की जाती है. दुबई का ये कदम वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर वैश्विक बहस में एक प्रभावी उदाहरण बन सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.