ट्रेंडिंग
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी हमेशा मंदिर और भगवान की आस्था में डूबी नजर आती हैं, हाल ही में नीता अंबानी ने हैदराबाद के येल्लम्मा मंदिर में दान देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है.
हैदराबाद के बाल्कमपेट स्थित येल्लम्मा मंदिर को नीता अंबानी ने एक करोड़ रुपए का दान दिया है, जिससे मंदिर का विकास और श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था की जाएगी. यह दान उनकी गहरी आस्था और समाज सेवा की भावना को दर्शाता है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी का देवी येल्लम्मा के प्रति विशेष लगाव है. वह जब भी हैदराबाद जाती हैं, दर्शन करने येल्लम्मा मंदिर अवश्य जाती हैं. खासकर आईपीएल के दौरान जब मुंबई इंडियंस का मैच उप्पल स्टेडियम में होता है, तो वो दर्शन करना नहीं भूलतीं.
aह पहली बार नहीं है जब नीता अंबानी ने किसी मंदिर के लिए दान दिया हो. वह अक्सर देश के प्रमुख मंदिरों में जाकर न केवल दर्शन करती हैं, बल्कि उनके विकास और सामाजिक सेवा कार्यों में आर्थिक सहायता भी देती हैं.
इस वर्ष 23 अप्रैल को नीता अंबानी अपनी मां पूर्णिमा दलाला और बहन ममता दलाला के साथ येल्लम्मा मंदिर पहुंची थीं. उस समय मंदिर के तत्कालीन कार्यकारी अधिकारी ने उन्हें मंदिर के महत्व और यहां चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी थी.
मंदिर प्रबंधन की ओर से जब नीता अंबानी से विकास योजनाओं में योगदान देने की अपील की गई, तो उन्होंने इसे सहर्ष स्वीकार करते हुए एक करोड़ रुपए का दान देने का निर्णय लिया. यह जानकारी मंदिर के प्रभारी कार्यकारी अधिकारी महेंद्र गौड़ ने दी.
दान की गई राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में रखा जाएगा, जिससे मिलने वाले ब्याज से मंदिर में प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की जाएगी. यह व्यवस्था स्थायी रूप से जारी रहेगी.
मंदिर में 1 जुलाई से कल्याण महोत्सव और रथयात्रा का आयोजन शुरू होगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण की सख्त व्यवस्था की जा रही है.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.