ट्रेंडिंग
राजस्थान के सवाई माधोपुर में दो मॉनिटर लिजर्ड्स (गोह) की जबरदस्त लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. सड़क किनारे दोनों लिजर्ड एक-दूसरे को जोरदार तरीके से पटकते नजर आ रहे हैं, जैसे कोई रेसलिंग मैच हो.
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से एक अनोखा और रोमांचक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दो मॉनिटर लिजर्ड (गोह) सड़क के किनारे एक-दूसरे से जोरदार भिड़ंत करते नज़र आ रहे हैं. ये दृश्य किसी रेसलिंग रिंग से कम नहीं लगता, जिसमें दोनों जीव एक-दूसरे को ज़मीन पर पटक-पटक कर मुकाबला कर रहे हैं.
इस दिलचस्प नज़ारे को एक कार सवार पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद किया और साथ ही मनोरंजक कॉमेंट्री भी की. यही कॉमेंट्री वीडियो को और ज्यादा दिलचस्प बना देती है. वीडियो में दोनों मॉनिटर लिजर्ड की तेज़ चाल, आक्रामक मुद्रा और ज़ोरदार पकड़ देख सोशल मीडिया यूज़र्स दंग रह गए.
लड़ाई के दौरान दोनों लिजर्ड अपनी पूंछ और पंजों का बेहतरीन इस्तेमाल कर रहे हैं. दोनों एक-दूसरे की गर्दन पकड़कर ज़मीन पर गिराने की कोशिश कर रहे हैं. इस भिड़ंत में जानवरों की ताकत, रणनीति और टेरिटोरियल व्यवहार साफ झलकता है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं.
वीडियो पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. किसी ने इसे "नेशनल जियोग्राफिक लाइव" कहा, तो किसी ने लिखा,"ऐसी रेसलिंग तो WWE में भी नहीं देखी!" वहीं कुछ यूज़र्स ने इस दुर्लभ दृश्य को देख प्राकृतिक जीवन की विविधता और जंगली जानवरों के व्यवहार की प्रशंसा की.
मॉनिटर लिजर्ड्स भारत में कई इलाकों में पाई जाती हैं. ये प्राकृतिक शिकारी होती हैं और आमतौर पर इंसानों से दूर ही रहती हैं. इनकी लड़ाइयाँ प्रजनन या क्षेत्र की रक्षा के लिए होती हैं.