ट्रेंडिंग
यूपी के महाराजगंज में गूगल मैप की गलती से एक कार निर्माणाधीन फ्लाईओवर के अधूरे हिस्से पर जा चढ़ी. जिसके बाद अब तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल है.
UP Viral News: गूगल मैप पर आंख बंद कर भरोसा करना कभी-कभी भारी पड़ सकता है. यूपी के महाराजगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां गूगल मैप की गलती से एक कार सीधे निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर जा चढ़ी. फ्लाईओवर का एक हिस्सा बन चुका था, लेकिन दूसरा सिरा पूरी तरह अधूरा था. रात के अंधेरे में कार उस अधूरे हिस्से में लटक गई. गनीमत रही कि समय रहते कार रुक गई और उसमें सवार तीन लोग सुरक्षित बच गए.
महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. गोरखपुर से सोनौली जा रही एक कार गूगल मैप के सहारे सफर कर रही थी. लेकिन मैप की गलती ने यात्रियों की जान खतरे में डाल दी. ड्राइवर जैसे ही मैप के निर्देशों का पालन करते हुए आगे बढ़ा, वह सीधा एक अधूरे फ्लाईओवर पर चढ़ गया.
फ्लाईओवर का एक सिरा बना हुआ था, जबकि दूसरे सिरे पर मिट्टी डालने का काम चल रहा था. अचानक कार उस अधूरे हिस्से पर पहुंच गई और किनारे लटक गई. कार में सवार तीनों लोग किसी तरह बच गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया.
यह भी पढ़ें: Viral Video: एज इज जस्ट ए नंबर! दादी-बेस्टी की बाइक राइड और स्टाइल ने सोशल मीडिया पर मचाया धमाल
फरेंदा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि कार को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग थी, न कोई डायवर्जन साइन और न ही रोशनी की व्यवस्था. इससे पहले बरेली में भी एक ऐसा ही मामला सामने आ चुका है, जहां गूगल मैप की वजह से तीन लोगों की जान चली गई थी. लगातार हो रहे ऐसे हादसे यह सवाल उठाते हैं कि क्या गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर रहना सही है?
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.