ट्रेंडिंग
Viral News: सोशल मीडिया पर एक महिला कर्मचारी ने खुलासा किया है कि उसके बॉस छुट्टी के दौरान भी उसकी लाइव लोकेशन मांगते हैं. जिसके बाद यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया.
Viral News: छुट्टियों का मतलब होता है सुकून और खुद के लिए समय निकालना, लेकिन अगर उस दौरान भी बॉस परेशान करे, तो फिर आराम कहां मिलेगा? मलेशिया से सामने आया एक ऐसा ही मामला लोगों को हैरान कर रहा है, जहां एक महिला कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर अपने बॉस के व्यवहार का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि छुट्टी पर होने के बावजूद उनसे लाइव लोकेशन मांगी जाती है, जिससे साबित हो सके कि वे सच में छुट्टी मना रही हैं.
मलेशिया की रहने वाली एक महिला कर्मचारी ने अपने X अकाउंट @_nnadrahhh पर 10 जून को एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके बॉस हर बार छुट्टी के दौरान उनसे लाइव लोकेशन भेजने को कहते हैं. हैरानी की बात यह है कि ये डिमांड कंपनी के एक कथित नए नियम के तहत की जाती है, ताकि यह साबित किया जा सके कि कर्मचारी छुट्टी पर हैं और किसी और काम में शामिल नहीं हैं.
महिला ने लिखा कि चाहे वह देश में हों या विदेश यात्रा पर, बॉस हर बार लोकेशन की डिमांड करते हैं. उन्होंने यहां तक बताया कि एक बार जब वे एक टूरिस्ट आइलैंड पर छुट्टियां मना रही थीं और लोकेशन भेजने से मना किया, तो बॉस ने उन्हें बार-बार कॉल और मैसेज करके परेशान किया. इतना ही नहीं, उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स तक पर नजर रखी गई.
इस पोस्ट के वायरल होते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दी. हजारों यूज़र्स ने इस रवैये की आलोचना की और इसे कर्मचारियों की निजता का सीधा उल्लंघन बताया. कई लोगों ने कहा कि अगर छुट्टी में भी चैन से न रह सको, तो ऐसी छुट्टी का क्या मतलब? लोगों ने महिला को सलाह दी कि वह इस तरह के टॉक्सिक वर्क एनवायरमेंट को छोड़ दें और अपनी मेंटल हेल्थ को प्राथमिकता दें. साथ ही, इस घटना ने वर्कप्लेस में बढ़ते माइक्रोमैनेजमेंट पर भी बहस छेड़ दी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से