टेक-ऑटो
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि जल्द ही देश में 5G नेटवर्क का काम BSNL के हाथ में दिया जाएगा और यह प्रकिया अंतिम चरण में है.
डीएनए हिंदी: देश में 5G नेटवर्क (5G Network) को लेकर लंबे वक्त से इंतजार हो रहा है लेकिन अब केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने बताया है कि कंपनियों को बेहतर क्वालिटी और लागत का हवाला देते हुए भारत में डिजाइन और निर्मित प्रोडक्ट्स को अपनाने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि देश में 5G नेटवर्क का विकास अपने अंतिम चरण में है. केंद्रीय मंत्री ने ‘इंडिया टेलीकॉम 2022' समारोह के उद्घाटन के दौरान 5G पर महत्वपूर्ण बातें कही हैं.
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ने 5G के विकास और लंबे इंतजार को लेकर कहा कि भारत एक प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरा है. उन्होंने कहा, "देश ने अपना स्वदेशी रूप से विकसित 4G कोर और रेडियो नेटवर्क भी विकसित किया है. 5G नेटवर्क भी विकास के अपने अंतिम चरण में है. देश आज 6G मानकों के विकास में 6G की विचार प्रक्रिया में भाग ले रहा है."
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "आज भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण 75 अरब डॉलर के करीब है. यह 20 प्रतिशत से अधिक सीएजीआर से बढ़ रहा है. अब हमने एक प्रमुख अर्धचालक कार्यक्रम शुरू किया है जिसमें एक बहुत ही व्यापक कार्यक्रम है. सिलिकॉन चिप से लेकर कंपाउंड सेमीकंडक्टर्स, डिजाइन के नेतृत्व में निर्माण, डिजाइन में उद्यमियों की एक श्रृंखला बनाने और अंत में 85,000 सेमीकंडक्टर इंजीनियरों को विकसित करने का अधिकार दिया गया है."
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 5G नेटवर्क का यह काम BSNL को ही सौंपा जाएगा. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत विजन के तहत 5जी के कोर नेटवर्क, रेडियो नेटवर्क, उपकरण, हैंडसेट की पूरी तैयारी हो गई है. 4G BSNL को दिया गया है. 5जी भी BSNL को दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Google Chrome यूजर्स को सरकार की चेतावनी! हैकर्स की आपके अकाउंट पर है नजर
गौरतलब है कि पिछले डेढ़ साल से देश में लगभग सभी स्मार्टफोन कंपनियां अपने स्मार्टफोन्स 5G के फीचर्स बताकर बेच रही हैं लेकिन नेटवर्क को लेकर अस्थिरता के चलते अभी भी लोग 5G फोन्स को तवज्जो नहीं दे रहे हैं. ऐसे में सरकार के ऐलान के बाद संभव है कि यूजर्स फोन लेते समय नेटवर्क को अधिक महत्व देंगे और बेहतरीन नेटवर्क स्पीड के लिए फोन भी बदलेंगे. ऐसे में 5G नेटवर्क की शुरुआत के साथ ही देश के स्मार्टफोन मार्केट में भी एक बेहतरीन उछाल देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- देश में तैयार है Hydrogen Fuel का प्लान, नितिन गडकरी ने पेश किया Green Energy का रोडमैप