टेक-ऑटो
OLA ने कहा कि उसे आग लगने की जानकारी है और वह आग के कारणों की जांच कर रही है.
डीएनए हिंदी: पिछले कुछ समय से भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की डिमांड तेजी से बढ़ी है. लोगों की इसी डिमांड को देखते हुए कई कंपनियों ने नए व्हीकल लॉन्च किए हैं लेकिन इन व्हीकल्स के साथ तकनीकी समस्याएं भी सामने आ रही हैं. शनिवार को पुणे के लोहेगांव इलाके में एक ओला एस1 प्रो (OLA S1 Pro) इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटना सामने आई है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
31 सेकंड की क्लिप में स्कूटर धू-धू कर जल रहा है. स्कूटर पूरी तरह से आग की चपेट में है. इसके कई पुर्जे आग के कारण बाहर निकलते नजर आ रहे हैं. लोग इस घटना को कैमरे में कैद करते दिखे हैं.
Ola S1 Pro Caught Fire in Maharashtra. The vehicle already has temperature management issues as reported by many YouTubers and auto experts. #OlaS1 #OLAFIRE #olas1pro #evfire #ev #bhash @OlaElectric @bhash @varundubey pic.twitter.com/KLFTCnoVAV
— Manjunatha M (@nileshj100) March 26, 2022
क्या है वजह
हालांकि कंपनी आग के कारणों की जांच कर रही है लेकिन इसकी एक वजह 'थर्मल रनअवे' होने का अनुमान लगाया जा रहा है जिसमें लिथियम-आयन बैटरी क्षतिग्रस्त होने या शॉर्ट-सर्किट से एक्सोथर्मिक रिएक्शन होता है.
लिथियम आयन बैटरी में लगी आग को बुझाना मुश्किल साबित होता है. पानी के संपर्क में आने पर यह तुरंत हाइड्रोजन गैस और लिथियम-हाइड्रॉक्साइड पैदा करता है. अत्यधिक ज्वलनशीलता के कारण हाइड्रोजन गैस एक बड़ी समस्या है. इससे आग विकराल रूप धारण कर सकती है. एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगना निश्चित रूप से चिंता का विषय है.
कंपनी ने की घटना की पुष्टि
ओला ने आग लगने की घटना की पुष्टि की है. कंपनी ने कहा कि उसे पुणे में ओला एस1 प्रो में आग लगने की जानकारी है और वह आग के कारणों की जांच कर रही है. ओला ने यह भी दावा किया कि ग्राहक बिल्कुल सुरक्षित है.
फिलहाल मुआवजे की बात नहीं
जहां तक आग की घटना का सवाल है ओला ने कहा कि वह आने वाले दिनों में और अपडेट शेयर कर उचित कार्रवाई करेगी. ओला ने आधिकारिक तौर पर खरीदार को किसी भी तरह का मुआवजा उपलब्ध कराने के बारे में बात नहीं की है. ओला के सह-संस्थापक और सीईओ भाविश अग्रवाल ने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया है.
बैटरी के अंदर के सेल्स को छोड़कर ओला एस 1 पूरी तरह से भारतीय प्रोडक्ट है. S1 प्रो स्कूटर 115kmph की शीर्ष गति तक पहुंच सकता है. ओला S1 में 2.97 kWh बैटरी मिलती है जबकि S1 प्रो में 3.98kWh बैटरी मिलती है.