टेक-ऑटो
YouTube New View Count Policy: यूट्यूब ने वीडियोज पर व्यूज गिनने के नियम में बड़ा बदलाव किया है. इस नए फैसले से क्रिएटर्स के व्यूज तेजी से बढ़ेंगे.
यूट्यूब (YouTube) पर कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है. यूट्यूब अपने प्लैटफॉर्म के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिससे अब वीडियोज पर व्यूज (Views) का आंकड़ा पहले के मुकाबले तेजी से बढ़ता हुआ नजर आएगा. आने वाले समय में जो क्रिएटर्स व्यूज के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, उनके कंटेंट पर यह संख्या काफी बढ़कर दिखेगी.
कंपनी ने साफ किया है कि व्यूज की गिनती का यह नया नियम लंबे वीडियोज और शॉर्ट्स दोनों पर 24 अगस्त 2026 से लागू होगा. अब तक किसी वीडियो को व्यू तब माना जाता था जब दर्शक उसे कुछ सेकंड तक देखता था. लेकिन नए नियम के तहत, जैसे ही कोई यूजर किसी वीडियो पर क्लिक करेगा और स्क्रीन पर वीडियो का पहला फ्रेम प्ले होगा, उसी वक्त से उस वीडियो में एक व्यू जुड़ जाएगा यानी वीडियो स्टार्ट होते ही व्यू काउंट शुरू.
यूट्यूब के इस कदम से सबसे बड़ा फायदा सीधे तौर पर कंटेंट क्रिएटर्स को ही मिलने वाला है. वीडियो के नीचे दिखने वाले व्यूज का आंकड़ा अब बहुत तेजी से भागेगा. इससे जब क्रिएटर्स किसी ब्रांड के पास स्पॉन्सरशिप या प्रमोशन के लिए जाएंगे, तो वे अपने ज्यादा व्यूज और बेहतर एंगेजमेंट का हवाला देकर ज्यादा पैसों की डील कर सकेंगे. कंपनी का भी यही मानना है कि इस बदलाव से क्रिएटर्स को ब्रांड्स के सामने अपनी सही वैल्यू और पहुंच दिखाने में काफी आसानी होगी.
यूट्यूब ने हालांकि इस नीति को बदलने के पीछे की कोई आधिकारिक वजह तो स्पष्ट नहीं की है, लेकिन जानकारों का मानना है कि इसके पीछे कॉम्पिटिशन एक बड़ी वजह है. इस समय मार्केट में इंस्टाग्राम रील्स और टिकटॉक जैसे प्लैटफॉर्म्स से यूट्यूब को कड़ी टक्कर मिल रही है. व्यूज के आंकड़ों को आसान बनाकर यूट्यूब अपने प्लैटफॉर्म पर ज्यादा एंगेजमेंट दिखाना चाहता है.
जहां एक तरफ व्यूज तेजी से बढ़ेंगे, वहीं दूसरी तरफ यूट्यूब ने पार्टनर प्रोग्राम में शामिल होने के नियमों को थोड़ा कड़ा भी किया है. नए क्रिएटर्स को अब मोनेटाइजेशन यानी कमाई शुरू करने के लिए वॉच टाइम और सब्सक्राइबर्स के नए और ऊंचे मानकों को पूरा करना होगा.
हालांकि, राहत की बात यह है कि ये सख्त नियम फरवरी 2027 से लागू होंगे यानी नए क्रिएटर्स के पास अभी अपनी रणनीति बदलने और अपने चैनल की रीच बढ़ाने का पूरा मौका है. कुल मिलाकर, यूट्यूब का यह नया कदम आने वाले दिनों में क्रिएटर्स की कमाई और प्लैटफॉर्म के माहौल को काफी हद तक बदलने वाला है.
ये भी पढ़ें- ब्राजील के बाद भारत की भिड़ंत FIFA वर्ल्ड कप 2026 की सनसनी टीम से! स्पेन-अर्जेंटीना को दी थी कड़ी टक्कर