टेक-ऑटो
अगर आपके पास एंड्रॉइड फोन है और आप फोन पर बैंकिंग ऐप चलाते हैं तो आपको थोड़ा संभलने की जरूरत है. साइबर अपराधी बैंकिंग ऐप्स को निशाना बनाने के लिए नये मैलवेयर का इस्तेमाल कर रहे हैं.
साइबर अपराधी दिन पर दिन ज्यादा एडवांस्ड होते जा रहे हैं. अपराधी अब एक नये मैलवेयर से एंड्रॉइड फोन पर मौजूद बैंकिंग ऐप्स पर अटैक कर रहे हैं. इस मैलवेयर का नाम है Godfather Malware . यह मैलवेयर सबसे पहले साल 2021 में डिटेक्ट किया गया था. अब इसके नये वर्जन से साइबर अपराधी बैंकों का ऐप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को निशाना बना रहे हैं.
यह एक खतरनाक मैलवेयर है. साल 2021 में जब इसका पता चला था तो सामने आया था कि इसकी मदद से हैकर्स फोन पर फेक लॉगइन स्क्रीन जनरेट करते हैं. ये दिखने में एकदम असली लॉगइन स्क्रीन की तरह होते हैं. इससे धोखा खाकर यूजर्स अपनी लॉगइन डिटेल्स डाल देते हैं.
अभी वाले वर्जन का पतका जिम्पेरियम नाम की सिक्यूरिटी कंपनी ने लगाया है. मैलवेयर का नया वर्जन केवल लॉगइन स्क्रीन ही नहीं ऐप के लिए वर्चुअल एनवायरमेंट भी बनाता है. इसके लिए हैकर्स आपके फोन में होस्ट ऐप इंस्टाल करते हैं जो आपके बैंकिंग ऐप की तरह ही दिखते हैं. जब आप इस ऐप को खोलते हैं तो यह असली ऐप जैसा दिखता है. आप असली ऐप समझकर वहां लॉगइन करते हैं और यह होस्ट ऐप आपके पासवर्ड, पिन, बैंक के मैसेज चुरा लेते हैं. इसके बाद हैकर्स आपके बैंकिंग ऐप को रिमोटली एक्सेस कर सकते हैं. आपके बैंक अकाउंट पर लॉगइन करके, आपके फोन का ओटीपी रीड करके वो आपके अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं.
Godfather Malware से अपने फोन को सुरक्षित रखने के लिए आप कभी भी अनजान सोर्स से ऐप डाउनलोड न करें. अगर आप एंड्रॉइड यूजर्स हैं तो केवल गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करें. गूगल प्ले स्टोर समय-समय पर ऐप्स को चेक करता है और खतरनाक पाए जाने पर उसे अनलिस्ट कर देता है.
प्ले स्टोर के अलावा दूसरे सोर्सेस ऐप डाउनलोड पूरी तरह डिसेबल कर दें. इसके लिए अपने फोन की सेटिंग में जाएं. वहां ऐप पर टैप करें. इसके बाद स्पेशल ऐप एक्सेस ऑप्शन पर जाएं और इंस्टॉल अननोन ऐप्स के ऑप्शन को बंद कर दें. गूगल प्ले प्रोटेक्ट एक्टिव करके रखें.
अपने फोन को हमेशा अप टू डेट रखें. सोशल मीडिया, ईमेल या मैसेज में अननोन सोर्स से आने वाले लिंक्स पर बिल्कुल भी क्लिक न करें. अपने फोन से उन ऐप्स को डिलीट कर दें जिनका आप इस्तेमाल नहीं करते हैं. ऑनलाइन ऐप्स पर क्लिक न करें.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.