उत्तर प्रदेश
नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन में खिड़की के पास बैठे शख्स की गर्दन में रॉड घुसने से गई जान, हादसे की जांच में जुटी जीआरपी और सीआरपीएफ
डीएनए हिंदी: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन (Neelanchal Express Train) में यात्री सफर कर रहे थे. इस दौरान खिड़की की साइड में बैठे एक यात्री की गर्दन में लोहे की रॉड घुस गई. यात्री की मौके पर ही मौत होने से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया. आनन-फानन में शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से चली नीलांचल एक्सप्रेस (12876) ट्रेन शुक्रवार की सुबह करीब पौने नौ बजे दनवर सोमना इलाके से गुजर रही थी. तभी एक लोहे की छड़ खिड़की का शीशा तोड़ते हुए ट्रेन में सफर कर रहे 34 वर्षीय यात्री हरिकेश कुमार दुबे की गर्दन में जा घुसी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना ट्रेन के स्टाफ को दी. ट्रेन के अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेल कर्मचारियों ने घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना पर रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे. जीआरपी और सीआरपीएफ को मामले की जांच सौंपी गई है. मृतक हरीकेश ट्रेन के दूसरे डिब्बे में सीट नंबर 15 पर खिड़की तरफ बैठे थे. मृतक दुबे सुल्तानपुर का रहने वाला था. रेलवे जीआरपी ने घटना की जानकारी उनके परिवार को दी है. इस बात की भी जांच की जा रही हैं कि चलती ट्रेन में लोहे की छड़ खिड़की तोड़कर कैसे डिब्बे के अंदर घुस गई.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.