स्पोर्ट्स
श्रियांका और अखिल ने ऑस्ट्रियाई रेबेका कोएक, गर्नोट रमप्लर को हराकर कांस्य पदक जीत लिया.
डीएनए हिंदी: भारत के युवा खिलाड़ी अब अन्य खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर परचम लहरा रहे हैं. ओलंपिक्स में शानदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों के हौसले बुलंद हैं. काहिरा में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय निशानेबाज श्रियांका सदांगी और अखिल श्योराण ने रविवार को 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन मिक्स्ड टीम ईवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन की धाक जमा दी. भारतीय जोड़ी 34 टीमों में से पांचवें स्थान पर रही. इसके बाद आठ टीमों के बीच मुकाबले में तीसरे स्थान पर रही और फिर ऑस्ट्रियाई रेबेका कोएक और गर्नोट रमप्लर को हराकर कांस्य पदक जीत लिया.
भारत के खाते में दो स्वर्ण
भारत वर्तमान में दो स्वर्ण सहित चार पोडियम फिनिश के साथ पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है. साल के पहले विश्व कप में शनिवार देर रात राही सरनोबत, ईशा सिंह और रिदम सांगवान 25 मीटर पिस्टल टीम गोल्ड मेडल मैच में पहुंचीं.
तीनों ने शनिवार की देर रात संभावित 450 में से 441 के संयुक्त प्रयास के साथ दूसरे क्वालिफिकेशन चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया. सिंगापुर ने भारत के साथ समान स्कोर बनाया लेकिन भारत की तुलना में इसके तीन कम इनर 10 स्कोर किया है. सौरभ चौधरी और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने स्वर्ण पदक जीता था. जबकि ईशा सिंह ने व्यक्तिगत महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक जीता था.
अनीश भानवाला को सर्वश्रेष्ठ स्थान
पदक पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में भी तय किए जाने हैं जहां शनिवार को क्वालीफिकेशन के पहले राउंड के बाद भारत के अनीश भानवाला को सर्वश्रेष्ठ स्थान दिया गया है. उन्होंने वर्तमान में नौवें स्थान पर रहने के लिए 291 का अच्छा स्कोर किया. अनीश के साथ भावेश शेखावत 286 अंक के साथ और गुरप्रीत सिंह (283) क्रमश: 20वें और 25वें स्थान पर हैं.