स्पोर्ट्स
अंगुली की चोट से उबरने के बाद भारत के स्टार बल्लेबाज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं.
डीएनए हिंदी: आईपीएल 2022 में अपना शुरुआती मुकाबला हार चुकी मुंबई इंडियंस (MI) को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले बड़ी खुशखबरी मिली है. 2 अप्रैल को होने वाले इस मैच से पहले मुंबई इंडियंस के तूफानी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) टीम में शामिल हो गए हैं. उन्होंने एमआई के लिए ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है. मुंबई इंडियंस ने इसकी जानकारी ट्विटर पर शेयर की है. एमआई ने ट्वीट कर कहा, सूर्यकुमार यादव के लिए नए सीजन की ट्रेनिंग का पहला दिन...
यानी अब आधिकारिक तौर पर ऐलान हो चुका है कि अंगुली की चोट से उबरने के बाद भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने दूसरे आईपीएल मैच से पहले मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं. पिछले दिनों वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी से ठीक होकर लौटे थे.
Training day #1 of the new season for SKY ☀️#OneFamily #DilKholKe #MumbaiIndians @surya_14kumar pic.twitter.com/6Ax6s7u1bH
— Mumbai Indians (@mipaltan) March 31, 2022
एनसीए में रीहैब में थे
सूर्यकुमार को पिछले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान अंगुली में चोट लग गई थी. इसके बाद वह एनसीए में रीहैब से गुजर रहे थे. 27 मार्च को वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ MI के आईपीएल ओपनर से चूक गए थे. एमआई ने एक बयान में कहा, सूर्यकुमार यादव अपने अनिवार्य क्वारंटीन से बाहर निकले और अपने साथियों कीरोन पोलार्ड, ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह के साथ सेशन के लिए टीम में शामिल हो गए.
पहला मैच कब खेलेंगे सूर्यकुमार यादव?
किसी भी खिलाड़ी को टीम में शामिल होने से पहले अनिवार्य क्वारंटीन पूरा करना होता है. आईपीएल 2022 में किसी खिलाड़ी के लिए यह सात दिन की अवधि है. सीएसके के लिए मोईन अली यह क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं तो वहीं पिछले दिनों टीम में शामिल हुए सूर्यकुमार यादव भी क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं ऐसे में उन्हें अगले मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. यदि कोई खिलाड़ी क्वारंटीन नियमों का उल्लंघन करता है तो पहली सजा के रूप में सात दिन का दोबारा क्वारंटीन, दूसरी सजा में एक मैच से बाहर और तीसरी सजा के तौर पर स्क्वाड से बाहर किया जा सकता है.
गूगल पर हमारे पेज को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें.
हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें.