स्पोर्ट्स
लॉर्ड्स में खेले जा रहे WTC Final के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के उप-कप्तान और प्रमुख बल्लेबाज स्टीव स्मिथ चोटिल हो गए. चोट लगने के बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान और मुख्य बल्लेबाज स्टीव स्मिथ लॉर्ड्स में चल रहे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के तीसरे दिन फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए. यह घटना दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी के 20वें ओवर में हुई, जब मिशेल स्टार्क की गेंद पर कप्तान टेम्बा बावुमा के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और कैच पकड़ने के दौरान स्टीव स्मिथ चोटिल हो गए. इस घटना के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
लॉर्ड्स में इस फाइनल मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 282 रन का लक्ष्य रखा. दूसरे सेशन में बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका ने इसके जवाब में 70 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा बैटिंग के लिए आए. स्टीव स्मिथ गेंद की गति और ऊंचाई से थोड़ा चौंक गए और उन्होंने यह महत्वपूर्ण कैच छोड़ दिया. इस दौरान स्मिथ की उंगली में बुरी तरह चोट लग गई, जिसके कारण वह काफी दर्द में दिखे. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई सपोर्ट स्टाफ तुरंत मैदान पर आया और स्मिथ को उपचार के लिए बाहर ले जाया गया. उनकी जगह सैम कॉन्स्टास को बतौर सब्सटीट्यूट फील्डर मैदान पर भेजा गया.
ये भी पढ़ें-सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहा है Shubman Gill का बल्ला, विराट-सचिन से क्या है कनेक्शन?
ड्रेसिंग रूम के बाद स्टीव स्मिथ को अस्पताल ले जाना पड़ा. उनके दाहिने हाथ की छोटी उंगली में कंपाउंड डिस्लोकेशन है. इसी वजह से उन्हें अस्पताल जाना पड़ा. ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक बयान में कहा गया, 'लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान स्लिप में फील्डिंग करते समय स्टीव स्मिथ के दाहिने हाथ की छोटी उंगली में कंपाउंड डिस्लोकेशन हुआ. मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के मेडिकल स्टाफ ने उनकी जांच की. उन्हें एक्स-रे और आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.'
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.