Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026 में भारतीय मूल के खिलाड़ी का डेब्यू, जानिए कौन हैं निशान वेलुपिल्लई

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मंच से भारत के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर आ रही है. ऑस्ट्रेलिया और तुर्की के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय मूल के 25 वर्षीय खिलाड़ी ने अपना वर्ल्ड कप डेब्यू किया.

Latest News
FIFA World Cup 2026 में भारतीय मूल के खिलाड़ी का डेब्यू, जानिए कौन हैं निशान वेलुपिल्लई

निशान वेलुपिल्लई (Image Source- Instagram/Nishan Velupillay)
 

Add DNA as a Preferred Source

फीफा वर्ल्ड कप 2026 से फुटबॉल प्रेमियों, खासकर भारतीय फैंस के लिए एक गर्व की खबर सामने आई है. रविवार (14 जून 2026) को जब ऑस्ट्रेलिया की टीम तुर्की के खिलाफ अपना पहला ग्रुप-डी मैच खेलने उतरी, तो इतिहास के पन्नों में एक भारतीय नाम भी दर्ज हो गया. भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉलर निशान वेलुपिल्लई ने इस मैच में मैदान पर कदम रखते ही अपना फीफा वर्ल्ड कप डेब्यू कर लिया. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तुर्की को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी शानदार शुरुआत की है.

मैच में निशान का प्रदर्शन 

मैच के 61वें मिनट में निशान वेलुपिल्लई को सब्सटिट्यूट खिलाड़ी के रूप में बेंच से मैदान पर भेजा गया. उन्होंने मैच के आखिरी महत्वपूर्ण मिनटों में तुर्की के लगातार हमलों को नाकाम करने और अपनी टीम के डिफेंस को मजबूत बनाए रखने में बहुत ही अनुशासित भूमिका निभाई. 25 साल के इस विंगर के लिए यह मैच उनके करियर का सबसे बड़ा माइलस्टोन साबित हुआ है. 

कौन हैं निशान वेलुपिल्लई?

अगर निशान के बैकग्राउंड की बात करें, तो उनके पिता, ससीनाथ वेलुपिल्लई, श्रीलंकाई तमिल बैकग्राउंड के साथ मलेशियाई हैं, जबकि उनकी मां, जिलियन वेलुपिल्लई, एंग्लो-इंडियन हैं. वह ऑस्ट्रेलिया में पले-बढ़े. उन्होंने फुटबॉल की बारीकियां मेलबर्न विक्ट्री की एकेडमी से सीखीं और साल 2024 में पहली बार इंटरनेशनल फुटबॉल की दुनिया में कदम रखा. ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने पहले ही मैच में, जो कि चीन के खिलाफ एक वर्ल्ड कप क्वालिफायर मुकाबला था, निशान ने मैदान पर आने के महज 7 मिनट के भीतर शानदार गोल दागकर सनसनी मचा दी थी. अब तक वे ऑस्ट्रेलिया के लिए 8 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और 3 गोल भी दाग चुके हैं.

ऑस्ट्रेलिया की दमदार जीत 

कनाडा के वैंकूवर स्थित बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने कमाल का खेल दिखाया. मैच का पहला गोल 27वें मिनट में नेस्टोरी इरानकुंडा ने एक बेहतरीन काउंटर-अटैक पर डिफेंडर को छकाते हुए दागा. इसके बाद 75वें मिनट में कॉनर मेटकाफ ने लंबी दूरी से एक शानदार शॉट मारकर स्कोर 2-0 कर दिया और टीम की जीत पक्की कर दी.

दूसरी तरफ, तुर्की की टीम की ऑस्ट्रेलिया के मजबूत डिफेंस के आगे उनकी एक न चली. ऑस्ट्रेलिया का अगला मुकाबला 20 जून को मेजबान अमेरिका से होगा और इसके बाद वे 26 जून को पैराग्वे से भिड़ेंगे. अगर टीम इनमें से किसी भी मैच में अंक हासिल करने में सफल रहती है, तो वह अगले दौर में आसानी से जगह बना लेगी.

वर्ल्ड कप के अन्य मैचों का अपडेट

रविवार को खेले गए अन्य मुकाबलों की बात करें तो कतर और स्विट्जरलैंड का मैच ड्रॉ पर छूटा. वहीं ब्राजील और मोरक्को के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मैच ने फैंस को थोड़ा निराश किया, क्योंकि ब्राजीलियाई टीम अपने रंग में नजर नहीं आई और यह मुकाबला भी 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ. दिन के एक अन्य मैच में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से मात दी.

 

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement