स्पोर्ट्स
IND vs PAK Final: एशिया कप 2025 फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार खिताब जीता. लेकिन मैच के बाद जो घटनाक्रम हुआ, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. जिसके बाद पोस्ट-मैच सेरेमनी देर तक रुकी रही और माहौल काफी गरमा गया.
IND vs PAK Final: एशिया कप 2025 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेला गया. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की और रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब अपने नाम किया. लेकिन मैच के बाद जो घटनाक्रम हुआ, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. भारतीय टीम ने ट्रॉफी और मेडल लेने से साफ इनकार कर दिया. इस फैसले से पोस्ट-मैच सेरेमनी देर तक रुकी रही और माहौल काफी गरमा गया.
दरअसल, भारतीय टीम का रुख साफ था कि वे पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेंगे. नकवी, एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के भी चेयरमैन हैं. दरअसल, नकवी ने "ऑपरेशन सिंदूर" के दौरान भारत को परमाणु हमले की धमकी दी थी, जिसे लेकर भारतीय खिलाड़ियों में गहरा आक्रोश था. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि टीम नकवी के हाथ से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी.
#OperationSindoor on the games field.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 28, 2025
Outcome is the same - India wins!
Congrats to our cricketers.
भारत की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “खेल के मैदान में ऑपरेशन सिंदूर. नतीजा वही है- भारत की जीत. हमारे क्रिकेटर्स को बधाई.” इस बयान ने माहौल और भी चर्चा में ला दिया.
सेरेमनी के दौरान न तो किसी खिलाड़ी ने ट्रॉफी ली और न ही मेडल. यहां तक कि सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा के साथ ट्रॉफी फोटोशूट में भी हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था. यही नहीं, भारतीय खिलाड़ियों ने मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से भी मना कर दिया. मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 146 रन बनाए. टीम इंडिया की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए, लेकिन तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की पारी और शिवम दुबे और संजू सैमसन के योगदान से भारत ने जीत दर्ज की.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.