स्पोर्ट्स
IND vs AUS: बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टी20 और वनडे टीम का ऐलान कर दिया है. हैरानी की बात ये है कि वन टीम का कप्तान रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को बनाया गया है. आइए जानते कि ऐसा क्यों हुआ.
IND vs AUS: अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे और टी20 भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. 29 अक्टूबर से शुरूआत होने वाली इस सीरीज ने कई खिलाड़ियों को मौका मिला है तो कई को स्क्वाड से बाहर रखा गया हैं. लेकिन सबसे हैरानी की बात तो ये है कि टेस्ट के बाद अब भारत की वन डे टीम की कमान भी शुभमन गिल के हाथों में सौप दी गई है. जी हां जबकि इस टीम का हिस्सा रोहित शर्मा भी है. ऑस्ट्रेलिया के इस दौरे में आपको वनडे मैच में रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल कप्तानी करते हुए नजर आएंगे और उपकप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया गया है.
रोहित शर्मा कप्तान क्यों नहीं?
लेकिन हैरानी की बात तो ये है कि जब रोहित शर्मा टीम में शामिल हैं तो उन्हें कप्तान क्यों नहीं बनाया गया. हालांकि रोहित शर्मा अब स्पेशलिस्ट बैटर की तौर पर टीम में खेलेंगे. रोहित शर्मा ने खुद कप्तानी छोड़ी है या फिर उन्हें हटाया गया है ये पूरी तरह से साफ नहीं है. हालांकि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बयान से ऐसा लगता है कि उन्हें शायद कप्तानी से हटाया गया है. अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा के दौरान जोर देकर कहा कि चयनकर्ता तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान रखने के पक्ष में नहीं थे.
अजीत अगरकर ने क्या कहा
अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'तीनों प्रारूपों के लिए तीन अलग-अलग कप्तान रखना व्यावहारिक रूप से असंभव है. वनडे क्रिकेट इस समय सबसे कम खेला जाने वाला फॉर्मेट है. हमारा ध्यान आगामी टी20 विश्व कप पर है. गिल को एडजस्ट होने के लिए समय देना चाहते हैं.' उन्होंने आगे कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टीम में शामिल होने के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. हम हमेशा चयनित खिलाड़ियों के नाम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को भेजते हैं और उनकी फिटनेस की पुष्टि करते हैं.'
अजीत अगरकर ने ये भी कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही 2027 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर प्रतिबद्ध नहीं हैं.
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल.
भारत की टी20 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.