स्पोर्ट्स
Dream11 से करार खत्म होने के बाद भारतीय टीम एशिया कप 2025 में बिना स्पॉन्सर जर्सी पहन सकती है. BCCI जल्दबाजी से बचकर 2027 वर्ल्ड कप तक के लिए लॉन्ग टर्म स्पॉन्सर तलाशना चाहता है.
भारतीय क्रिकेट टीम इस बार एशिया कप में एक अलग अंदाज में नजर आ सकती है. लंबे समय से टीम इंडिया की जर्सी पर स्पॉन्सर्स का लोगो देखने की आदत हो चुकी है, लेकिन इस बार तस्वीर बदल सकती है. Dream11 और My11Circle ने बीसीसीआई के साथ मिलकर अब तक लगभग 1000 करोड़ रुपये का योगदान दिया था. लेकिन ऑनलाइन गेमिंग बिल आने के बाद बोर्ड ने Dream11 से करार खत्म कर दिया. अब सवाल है—क्या टीम इंडिया एशिया कप में बिना स्पॉन्सर जर्सी में खेलेगी?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और फैंटेसी गेमिंग कंपनी Dream11 के बीच 2023 से 2026 तक का ₹358 करोड़ का करार हुआ था. लेकिन हाल ही में आए ऑनलाइन गेमिंग बिल ने इस साझेदारी पर ब्रेक लगा दिया. बीसीसीआई ने Dream11 से करार खत्म कर दिया है और अब नए स्पॉन्सर की तलाश में जुटा है. दरअसल, 28 अगस्त को बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की आपात बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने की. बैठक में नए संभावित स्पॉन्सर्स पर चर्चा हुई. हालांकि, यह साफ हो गया कि एशिया कप शुरू होने से पहले किसी नई डील को फाइनल करना संभव नहीं है.
सूत्रों के मुताबिक जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी Toyota और एक भारतीय फिनटेक स्टार्ट-अप ने टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप में रुचि दिखाई है. लेकिन अभी तक आधिकारिक प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है. बीसीसीआई जल्दबाजी में कोई छोटा करार करने के बजाय, एक लंबी अवधि की डील चाहता है, जो कम से कम 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक कायम रह सके.
यह भी पढ़ें: Hockey Asia Cup 2025 में हरमनप्रीत की हैट्रिक, भारत ने जीत से किया आगाज
यानी एशिया कप 2025 के दौरान भारतीय टीम पहली बार बिना किसी स्पॉन्सर लोगो वाली जर्सी पहनकर मैदान पर उतर सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, खिलाड़ियों की जर्सी पर सिर्फ ‘India’ लिखा हुआ नजर आएगा. टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर तक यूएई में खेला जाएगा, जहां भारत का पहला मुकाबला यूएई से होगा. अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक अनोखा पल होगा, क्योंकि लंबे समय से टीम इंडिया हमेशा किसी न किसी ब्रांड के साथ मैदान में उतरती रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई अगले कुछ महीनों में किस बड़े ब्रांड को स्पॉन्सरशिप सौंपता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.