स्पोर्ट्स
Asian Games 2026 Medal Tally: भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड समेत कुल 85 मेडल जीते हैं और ये सभी पदक सिर्फ 20 खेलों में आए हैं.
एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 19 सितंबर से हुई थी और 3 अक्टूबर तक टूर्नामेंट खेला गया. इस दौरान भारत ने काफी दमदार प्रदर्शन किया. भारतीय एथलीटों ने जापान में जाकर तिरंगा लहराया है और देश का नाम रौशन किया है. भारत की क्रिकेट टीम से लेकर बॉक्सिंग और कबड्डी की टीमों ने गोल्ड अपने नाम किया. भले ही भारत अपना पिछला रिकॉर्ड 107 मेडल का तोड़ नहीं सका हो, लेकिन भारतीय एथलीटों ने अपनी परफॉर्मेंस से दिल जरूर जीत लिया है. भारत ने इस बार कुल 21 गोल्ड सहित 85 मेडल जीते हैं. एशियन गेम्स में भारत ने 20 अलग-अलग खेलों में पदक अपने नाम किया है.
एशियन गेम्स 2026 भले ही 3 अक्टूबर को खत्म हो गया हो, लेकिन इसकी क्लोजिंग सेरेमनी 4 अक्टूबर को होगी. एशियन गेम्स क्लोजिंग सेरेमनी भारतीय समयानुसार, दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगी. शूटर नीरू ढांढा आधिकारिक ध्वजवाहक होंगी. नीरू ने इस खेल में कुल तीन मेडल जीते हैं, जिसमें दो गोल्ड शामिल हैं.
भारत ने 21 गोल्ड सहित 85 मेडल जीते
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुल 85 मेडल जीते हैं. इस दौरान इंडिया ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रांज पदक अपने नाम किए हैं. हालांकि, टूर्नामेंट से पहले भारतीय एथलीटों से उम्मीद थी कि वो पिछले एशियन गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. एशियन गेम्स 2023 में भारत ने 107 मेडल अपने नाम किए थे. इस दौरान भारत ने 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रांज पदक अपने नाम किए थे. पिछली बार की तुलना में भारत ने इस बार 7 गोल्ज, 11 सिल्वर और 4 ब्रांज पदक कम जीते हैं. इसकी एक खास वजह ये भी हो सकती है कि इस बार कई खेल कम हुए हैं और तई नए खेल जुड़े थे.
20 खेलों में जीते 85 पदक
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 85 पदक कुल 20 खेलों में जीते हैं. भारत ने सबसे ज्यादा पदक एथलेटिक्स (24) और शूटिंग (15) में अपने नाम किए है. इसके अलावा इंडिया ने आर्चरी, शूटिंग, बॉक्सिंग, रेसलिंग, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, एथलेटिक्स, गोल्फ, स्क्वैश, सेलिंग, वेटलिफ्टिंग, वुशु, बैडमिंटन, कुराश, मिक्स्ड मार्शल आर्ट, रोइंग, सेपकटकरा, सॉफ्ट टेनिस और टेबल टेनिस.
एशियन गेम्स 2026 मेडल टैली
एशियन गेम्स 2026 में सबसे उम्दा प्रदर्शन चीन ने किया है. चीन ने 169 गोल्ड, 89 सिल्वर और 83 ब्रांज सहित 324 मेडल जीते हैं. इसके बाद मेजबान देश जापान का नाम है. जापान ने 83 गोल्ड, 93 सिल्वर और 91 ब्रांज सहित 267 मेडल जीते हैं. वहीं, तीसरे स्थान पर साउथ कोरिया है, जिसने 38 गोल्ड, 43 सिल्वर और 68 ब्रांज समेत 149 पदक अपने नाम किए हैं. फिर भारत का नाम है. इंडिया ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रांज सहित 85 पदक अपने नाम किए हैं. लिस्ट में पांचवां नाम उज्बेकिस्तान का है, जिसने 21 गोल्ड, 25 सिल्वर और 24 ब्रांज समेत 70 मेडल अपने नाम किए हैं.
2028 ओलंपिक में किया क्वालिफाई
एशियन गेम्स 2026 में अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में मलेशिया को हराकर 2028 ओलंपिक में क्वालिफाई कर लिया है. इसके साथ ही तीरंदाजी में भारत ने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है. एशियन गेम्स 2026 में कुल 7 खेल तीरंदाजी, हॉकी, सेलिंग, स्क्वैश, सर्फिंग, टेनिस और ट्रायथलॉन में भारत को 2028 ओलंपिक क्वालिफाई करना था. हालांकि, भारत की दिलचस्पी ट्रायथलॉन में नहीं थी. बचे हुए 6 खेलों में भारत की पुरुष और महिला की हॉकी टीम और तीरंदाजी- कंपाउंड मिक्स्ड टीम और महिला व्यक्तिगत रिकर्व ने 2028 ओलंपिक में जगह बना ली है.
इन खिलाड़ियों ने जीते दो गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारत के ऐसे कई एथलीट हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा दो गोल्ड अपने नाम किए हैं. महिला शूटिंग में नीरू धांडा ने व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा और मिक्स्ड ट्रैप टीम इवेंट में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर जीता है. इसके अलावा, तीरंदाजी में थिरुमुरु गणेश मणि रत्नम ने पुरुषों की कंपाउंड आर्चरी टीम और कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में दो गोल्ड और एक ब्रांज पदक जीता है. वहीं, तीरंदाजी में ही कुमकुम महोद ने महिला रिकर्व टीम इवेंट और अन्य स्पर्धाओं में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीता है.