Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

India vs Sri Lanka: दो विकेट लेते ही रवींद्र जडेजा बनाएंगे ये खास रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय होंगे

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में रवींद्र जडेजा के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका है. अभी तक कपिल देव इस मुकाम को हासिल करने वाले इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं.

Latest News
India vs Sri Lanka: दो विकेट लेते ही रवींद्र जडेजा बनाएंगे ये खास रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय होंगे

रवींद्र जडेजा 2 विकेट लेते ही बनाएंगे खास रिकॉर्ड. (फाइल फोटो- IANS)

Add DNA as a Preferred Source
  • गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा मैच
  • 350 विकेट का खास आंकड़ा छूने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं जडेजा
  • 89 टेस्ट मैचों की 167 पारियों में 348 विकेट चटकाए हैं

IND vs SL Test series: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला शनिवार, 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस सीरीज में भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा. रवींद्र जडेजा टेस्ट में 350 विकेट का खास आंकड़ा छूने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं. उन्होंने अब तक खेले 89 टेस्ट मैचों की 167 पारियों में 348 विकेट चटकाए हैं.

जडेजा अगर पहले टेस्ट में 2 विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो वह भारत की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे. जडेजा बल्लेबाजी में 4095 रन बना चुके हैं. जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4 हजार रन और 300 विकेट लेने वाले दुनिया के महज चार खिलाड़ियों में शुमार हैं. 

जडेजा अगर गॉल टेस्ट में 2 विकेट चटकाने में कामयाब रहते हैं, तो वह कपिल देव के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत की ओर से 4 हजार रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे. भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव इस मुकाम को हासिल करने वाले अभी इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं. इसके साथ ही जडेजा यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले पहले स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर भी बनेंगे.

किसका पलड़ा भारी?

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं. इसमें से 22 मुकाबलों में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है, जबकि श्रीलंका ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है. 17 मुकाबलों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है. खास बात यह है कि भारतीय टीम ने पिछले 11 साल में श्रीलंका के खिलाफ कोई भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है. भारत को श्रीलंका के हाथों क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में आखिरी हार साल 2015 में मिली थी. इसके बाद से खेले गए 10 टेस्ट मैचों में भारत ने 8 में जीत हासिल की है, तो दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं.

श्रीलंका की धरती पर भारत ने कुल 24 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को 9 मुकाबलों में जीत मिली है. वहीं, 7 मैचों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है, 8 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने के लिए आखिरी बार साल 2017 में गई थी, जहां विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से रौंदा था.

शुभमन गिल और केएल राहुल के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार काफी हद तक शुभमन गिल और केएल राहुल के कंधों पर होगा. टीम को यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा के बल्ले से अहम योगदान की उम्मीद होगी. साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में नंबर तीन पर देवदत्त पडिक्कल को मौका मिल सकता है. गेंदबाजी में बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार की तिकड़ी के सामने अच्छा प्रदर्शन करने की चुनौती होगी.भारतीय टीम कुलदीप यादव, मानव सुथार और जडेजा की स्पिन जोड़ी के साथ पहले टेस्ट में उतर सकती है.

श्रीलंका भी कम नहीं है...

श्रीलंका को भले ही वेस्टइंडीज की धरती पर टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी हो, लेकिन टीम अपने घरेलू मैदानों पर भारतीय टीम के लिए चुनौती पेश कर सकती है. बल्लेबाजी में धनंजय डी सिल्वा, कामिंदु मेंडिस और दिनेश चंडीमल से टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी. गेंदबाजी में प्रभात जयसूर्या भारतीय बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हो सकते हैं. प्रभात का रिकॉर्ड गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कमाल का रहा है. वॉर्मअप मैच में भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करने वाले रमेश मेंडिस और केशाणा नुवान्था भी अपनी घूमती गेंदों से छाप छोड़ सकते हैं.

सीरीज के लिए भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement