Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

IND vs ZIM: टी20 में पहली बार 120 रन से कम का टारगेट नहीं चेज कर पाया भारत, जिम्बाब्वे के सामने IPL स्टार्स फेल

India vs Zimbabwe 1st T20I Match Highlights: जिम्बाब्वे ने वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को 13 रन से हराकर इतिहास रच दिया है. सिकंदर रजा की कप्तानी वाली टीम ने पहली बार टी20 में भारत को ऑल आउट किया.

Latest News
IND vs ZIM: टी20 में पहली बार 120 रन से कम का टारगेट नहीं चेज कर पाया भारत, जिम्बाब्वे के सामने IPL स्टार्स फेल
Add DNA as a Preferred Source

IND vs ZIM 1st T20I Highlights: टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के बाद टीम इंडिया को पहले ही मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. भारत को उस टीम ने शिकस्त दी है, जो टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर पाई थी. आईपीएल सितारों से भरी टीम इंडिया को जिम्बाब्वे ने 13 रन से हराकर इतिहास रच दिया है. शनिवार (6 जुलाई) को हरारे में खेले गए 5 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबानों ने गिरते-पड़ते 9 विकेट के नुकसान पर 115 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर भारत को 102 पर ही समेट दिया. टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार टीम इंडिया 120 रन से कम के टारगेट को चेज करने में असफल रही.


ये भी पढ़ें: 'मुझे तुम्हारी मां के हाथ का चूरमा...' PM Modi ने Neeraj Chopra से कर दी डिमांड


जिम्बाब्वे के सामने IPL स्टार्स की खुली पोल

आईपीएल 2024 में गदर काटने वाले अभिषेक शर्मा और रियान पराग को आज इंटरनेशनल डेब्यू करने का मौका मिला. भारत के लिए पहली बार खेलने उतरे ये दोनों बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए. कप्तान शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करने उतरे अभिषेक जहां खाता भी नहीं खोल पाए, वहीं पराग 2 रन बनाकर चलते बने. ऋतुराज गायकवाड़ भी कुछ खास नहीं कर पाए. रिंकू सिंह का यही हाल रहा. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल रहे रिंकू भी जीरो पर आउट हुए. जबकि टी20I डेब्यू कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल 14 गेंद में 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे. भारत के टॉप-6 में से 5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए.

गिल-सुंदर की नाकाम कोशिश

विकेटों की पतझड़ के बीच गिल एक छोर पर खड़े रहे. हालांकि सेट होने के बाद वह टीम इंडिया को बीच मझधार में छोड़ चलते बने. जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने उनका अहम विकेट चटकाया. गिल जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 47/6 हो गया. बतौर कप्तान भारत के लिए पहला मैच खेल रहे गिल के बल्ले से 29 गेंद में 31 रन निकले. इस दौरान उन्होंने 5 चौके लगाए. गिल के जाने के बाद वॉशिंगटन सुंदर ही एकमात्र मान्यता प्राप्त बल्लेबाज बचे हुए थे. उन्होंने आवेश खान (12 गेंद में 16) के साथ आठवें विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी की. आखिरी 3 ओवर में भारत को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे. सुंदर ने 18वें ओवर में 12 रन जुटाकर मैच में रोमांच भर दिया. हालांकि इसके बाद वह बड़े शॉट लगाने में नाकाम रहे. सामने नंबर 11 का बल्लेबाज होने के कारण वह सिंगल भी नहीं ले पा रहे थे. सुंदर 34 गेंद में 27 रन बनाकर भारत के आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए. जिम्बाब्वे ने टी20 में पहली बार भारत को ऑल आउट किया

रवि बिश्नोई की कातिलाना गेंदबाजी

रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत भारत ने 90 रन पर जिम्बाब्वे के 9 विकेट चटका दिए थे. हालांकि विकेटकीपर क्लाइव मडांडे ने 25 गेंद में नाबाद 29 रन की जुझारू पारी खेलकर उन्हें लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया, जो बाद में जीत और हार का अंतर साबित हुआ. बिश्नोई ने 4 ओवर में 2 मेडन रखते हुए 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए. जबकि सुंदर ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया. मुकेश कुमार और आवेश खान को एक-एक सफलता मिली. भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 कल यानी रविवार को खेला जाएगा. 

ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement