स्पोर्ट्स
सिडनी टेस्ट से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है. आकाश दीप बैक इंजरी की वजह से आखिरी टेस्ट में खेलते हुए नजर नही आएंगे. इस बात की पुष्टि हेड कोच गौतम गंभीर ने कर दी है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 3 जनवरी से खेला जाना है. पिंक टेस्ट के एक दिन पहले ही भारत को बुरी खबर मिली है. टीम के अहम तेज गेंदबाज आकाशदीप चोट की वजह से आखिरी टेस्ट से बाहर हो गए है. भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की है.
आकाश दीप ने पिछले 2 टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया था. अब उनके बाहर होने पर कौन टीम के प्लेइंग इलेवन में जगह लेगा इसको लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हो गए. गंभीर ने बताया कि आकाशदीप को पीठ में तकलीफ है. जिसकी वजह से वो प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए उपलब्ध नहीं है.
कौन ले सकता है आकाशदीप की जगह
आकाशदीप के आखिरी टेस्ट से बाहर होने पर उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में कौन लेगा ये सवाल फैंस को मन में गूंज रहा होगा. गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम के प्लेइंग इलेवन पर पत्ता नहीं खोला है. प्लेइंग इलेवन के सवाल पर गौतम गंभीर ने कहा कि हम कल पिच को देखने के बाद टॉस के समय प्लेइंग इलेवन का फैसला करेंगे.
आकाशदीप की जगह लेने वाले गेंदबाजों में हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा का नाम शामिल है. हर्षित ने इसी दौरे पर टेस्ट डेब्यू किया था. पहले मैच में अच्छे प्रदर्शन के बाद पिंक बॉल टेस्ट में वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. जिसकी वजह से उनकी जगह आकाशदीप को टीम में शामिल किया गया था. अब उम्मीद की जा रही है कि एक बार फिर हर्षित को प्लेइंग इलवेन में शामिल किया जा सकता है.
सिडनी टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन :
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, ऋषभ पंत(विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा / प्रसिद्ध कृष्णा
खबर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.