स्पोर्ट्स
टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने एक युवा तेज गेंदबाज को लेकर ऐसी बात कह दी है, जिससे टीम के दूसरे खिलाड़ियों को काफी बुरा लग सकता है. पढ़िए क्या बोले शास्त्री...
डीएनए हिंदी: ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड में अब करीब दो महीने का ही समय रह गया है. टीम इंडिया के लिए ये टूर्नामेंट बेहद अहम है, क्योंकि 2007 के बाद से टीम इंडिया एक भी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत नहीं पाई है. ऐसे में इस लंबे इंतजार को खत्म करने का अब बेहतरीन मौका टीम के पास है. लेकिन टूर्नामेंट से पहले टीम सेलेक्शन को लेकर काफी सवाल उठ रहे हैं. क्रिकेट की दुनिया के ज्ञानी इसपर अपनी खूब राय दे रहे हैं. इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने भी एक बड़ा बयान दे दिया है. जिसके बाद से ही वो सुर्खियों में आ गए हैं.
अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले रवि शास्त्री ने वर्ल्ड कप टीम कैसी होनी चाहिए और इसमें किन खिलाड़ियों को जगह मिलनी चाहिए. इसे लेकर अपनी बात कही है. इसके साथ ही उन्होंने युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की भी काफी पैरवी की और खुलकर उनके नाम का समर्थन किया. टीम इंडिया के बॉलिंग लाइन-अप को नई धार देने वाले अर्शदीप इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में चल रहे है. यही वजह है कि हर कोई उनका नाम ही आगे बढ़ा रहा है.
क्या बोले शास्त्री
शास्त्री ने कहा, 'मैं तो लूंगा उसको. मैं वेराइटी के लिए लूंगा और जिसको बाहर बैठना होगा वो बैठ सकता है. अगर चार तेज गेंदबाजों को पिक करने की बात आएगी तो मैं तीन राइट आर्म और एक लेफ्ट आर्म पेसर के साथ जाउंगा और एक ऑलराउंडर भी रखूंगा, जो कि हार्दिक पांड्या है. गेंदबाजों में भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह होंगे.'
लगातार कर रहे अच्छा प्रदर्शन
अर्शदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अच्छा परफॉर्म किया है और विकेट चटकाने के साथ ही कम इकनॉमी रेट से बॉलिंग की है. हर्षल पटेल के एशिया कप से बाहर हो जाने के चलते अब इस टूर्नामेंट में भी अर्शदीप को मौका मिल सकता है. अगर उन्हें एशिया कप में खेलने को मौका मिलता है और वो अच्छा परफॉर्म भी करते हैं तो टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया में उनकी दावेदारी और भी मजबूत हो जाएगी.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.