Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

Video: फाइनल के बाद भिड़े खिलाड़ी! अर्जेंटीना के प्लेयर ने स्पेनिश स्टार को जड़ा मुक्का, मैदान पर जमकर हाथापाई

FIFA World Cup 2026 Final Result: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया. हालांकि मैच के बाद मैदान पर खिलाड़ियों में हाथापाई भी हुई.

Latest News
Video: फाइनल के बाद भिड़े खिलाड़ी! अर्जेंटीना के प्लेयर ने स्पेनिश स्टार को जड़ा मुक्का, मैदान पर जमकर हाथापाई

मैच के बाद भिड़े स्पेन और अर्जेंटीना के खिलाड़ी (Image Source- IANS)

Add DNA as a Preferred Source

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में एक बेहद चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला. सोमवार (भारतीय समयानुसार 20 जुलाई) रात फाइनल मैच में स्पेन से हारने के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे मैदान पर ही विरोधी टीम के खिलाड़ियों से भिड़ गए. न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में मैच खत्म होने का इशारा करने वाली आखिरी सीटी बजते ही अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिआंड्रो परेडेस अपना आपा खो बैठे, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई.

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. जैसे ही रेफरी ने फुल टाइम की सीटी बजाई, स्पेन के खिलाड़ी इतिहास रचने की खुशी में झूम उठे. इसी दौरान परेडेस सीधे स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया के पास गए और उनसे उलझ गए. बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि परेडेस ने गुस्से में गार्सिया पर हाथ उठा दिया और उन्हें दो बार मुक्का जड़ दिया. 

मैच के बाद मैदान पर चले मुक्के-लात

मामला बढ़ता देख स्पेन के मिडफील्डर गावी बीच-बचाव करने के लिए दौड़े. उन्होंने दोनों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाड़ी का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था. परेडेस ने गावी की तरफ भी हाथ चलाया, जो सीधे उनके चेहरे पर जा लगा. इसके बाद मैदान पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

दोनों टीमों के बाकी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया. इस बीच अर्जेंटीना के थियागो अल्माडा ने सूझबूझ दिखाई और गावी को पीछे धकेलकर परेडेस से दूर किया, ताकि लड़ाई और आगे न बढ़े. इसके बाद परेडेस को रेड कार्ड दिया गया.

एक्स्ट्रा टाइम में हुआ स्पेन का ऐतिहासिक गोल

अगर मैच की बात करें तो मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. तय 90 मिनट के खेल में दोनों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में खिंचा. खेल के 106वें मिनट में मैदान पर सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए फेरान टोरेस ने रिबाउंड पर एक शानदार गोल दागकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी. यही इकलौता गोल मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और स्पेन ने दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.

स्पेन के फुटबॉल इतिहास में यह गोल बेहद भावुक करने वाला है. ठीक 16 साल और 8 दिन पहले एंड्रेस इनिएस्ता ने 2010 के वर्ल्ड कप फाइनल में नीदरलैंड्स के खिलाफ एक्स्ट्रा टाइम में गोल करके स्पेन को पहली बार चैंपियन बनाया था, और इस बार यह कारनामा फेरान टोरेस ने दोहराया. 

 

पूरे मैच में हावी रहा स्पेन, अर्जेंटीना बेअसर

पूरे मैच में स्पेन का खेल अर्जेंटीना से कहीं बेहतर था. स्पेन की टीम ने शुरू से ही गेंद पर अपना कंट्रोल बनाए रखा और अर्जेंटीना के गोल पोस्ट पर 20 शॉट दागे. वहीं दूसरी तरफ अर्जेंटीना की टीम पूरे एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी पलों तक एक भी मजबूत अटैक नहीं कर पाई.

स्पेन ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड

कोच लुइस डे ला फुएंते की अगुवाई में स्पेन की इस युवा टीम ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. स्पेन पूरे टूर्नामेंट में केवल एक गोल खाने वाला दुनिया का पहला वर्ल्ड चैंपियन बना है, जो उनकी मजबूत डिफेंस लाइन को दिखाता है. यही नहीं, स्पेन ने दूसरी बार लगातार पहले यूरो कप और फिर फीफा वर्ल्ड कप जीतने का अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.

मेसी का दूसरा वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूटा

इस हार के साथ ही महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना का लगातार बड़े खिताब जीतने का रथ रुक गया. अर्जेंटीना ने इससे पहले 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका और 2022 में फीफा वर्ल्ड कप जीता था. मेसी ने इस पूरे टूर्नामेंट में 8 गोल दागे और 4 गोल करने में मदद की, लेकिन फाइनल के दिन वह अपनी टीम को दोबारा चैंपियन बनाने का सपना पूरा नहीं कर सके.

ये भी पढ़ें- FIFA World Cup Winners List: स्पेन ने जीता दूसरा खिताब, इस टीम के नाम सबसे ज्यादा ट्रॉफी; देखें विनर लिस्ट

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement