Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: सेमीफाइनल में पहुंची मेसी की अर्जेंटीना, QF में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एक बेहद रोमांचक और सांस रोक देने वाले क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है.

Latest News
FIFA World Cup 2026: सेमीफाइनल में पहुंची मेसी की अर्जेंटीना, QF में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया

अर्जेंटीना पहुंची सेमीफाइनल में (Image Source- IANS)

Add DNA as a Preferred Source

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर-फाइनल मैच में रविवार (12 जुलाई 2026) को अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री ले ली है. जहां उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा. अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच FIFA वर्ल्ड कप 2026 का क्वार्टर-फाइनल मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया था, क्योंकि रेगुलर टाइम में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं. अर्जेंटीना ने 10वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर के गोल से शुरुआती बढ़त बनाई थी.

उन्होंने एक बेहतरीन सेट-पीस के बाद गोल किया. ब्रेक के बाद स्विट्जरलैंड ने जबरदस्त वापसी की और 67वें मिनट में डैन एनडोये के गोल से स्कोर बराबर कर दिया. हालांकि, स्विट्जरलैंड की वापसी को सिर्फ तीन मिनट बाद ही बड़ा झटका लगा, जब रेफरी जोआओ पिनहेइरो ने आक्रामक चैलेंज के लिए ब्रील एम्बोलो को रेड कार्ड दिखाया, जिससे मैच के बाकी समय के लिए स्विस टीम में खिलाड़ियों की संख्या घटकर 10 रह गई.  

अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया

एक्स्ट्रा टाइम में 112वें मिनट में अर्जेंटीना के जूलियन अल्वारेज ने गोल करके स्विट्जरलैंड के खिलाफ टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी. स्विस टीम अभी इस झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि इंजरी टाइम (120+1 मिनट) में एक और सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी लौटारो मार्टिनेज ने गोल दागकर स्विट्जरलैंड की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया और स्कोर 3-1 कर दिया. हालांकि, इस पूरे मैच में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी खुद कोई गोल नहीं कर सके, लेकिन खेल के 10वें मिनट में उन्होंने ही एलेक्सिस मैक एलिस्टर को गोल करने में एक शानदार असिस्ट किया था. 

FIFA WC 2026

इंग्लैंड से होगी अगली भिड़ंत 

दूसरी ओर, अर्जेंटीना की अगली विरोधी इंग्लैंड ने भी अपने क्वार्टर फाइनल मैच में नॉर्वे को 2-1 से मात दी. इंग्लैंड का वह मुकाबला भी फुल टाइम तक 1-1 की बराबरी पर रहने के बाद एक्स्ट्रा टाइम में ही तय हुआ था. इंग्लैंड की उस जीत के हीरो जूड बेलिंगहैम रहे थे, जिन्होंने टीम के लिए दोनों निर्णायक गोल दागे थे. ऐसे में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाला सेमीफाइनल मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद है.

अब तक का सफर 

इस वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना का सफर अब तक बेहद शानदार और संघर्षपूर्ण रहा है. ग्रुप स्टेज के दौरान टीम ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन जैसी टीमों को मात देकर ग्रुप-जे में पहला स्थान हासिल किया था. इसके बाद नॉकआउट राउंड में टीम की असली परीक्षा शुरू हुई.

राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में केप वर्डे ने अर्जेंटीना को पसीने ला दिए, लेकिन टीम ने एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की. इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में भी अर्जेंटीना दो गोल से पिछड़ रही थी, लेकिन वहां से दमदार वापसी करते हुए उसने मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया था.

ये भी पढ़ें- दुनिया को चौंकाने वाली फिजिसिस्ट, क्यों हो रही है आइंस्टीन से तुलना?

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement