स्पोर्ट्स
Argentina Vs England: अर्जेंटीना ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है.
FIFA World Cup 2026 Semifinal: लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना ने एक बार फिर कमाल कर दिया है और लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है. गुरुवार रात (भारतीय समयानुसार) हुआ सेमीफाइनल का ये मुकाबला किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था, जहां अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया.
एक समय तो ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड यह बाजी मार ले जाएगा और मेसी का दोबारा चैंपियन बनने का सपना टूट जाएगा. लेकिन फुटबॉल में जब तक आखिरी सीटी न बज जाए, तब तक कुछ भी कहना बेमानी है. मेसी ने मैच के आखिरी मिनटों में जो पासा पलटा, उसे देखकर हर कोई दंग रह गया.
मैच का दूसरा हाफ चल रहा था और इंग्लैंड के गॉर्डन ने एक शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया था. इंग्लैंड के फैंस जश्न मना रहे थे और अर्जेंटीना पर दबाव साफ दिख रहा था. लेकिन फिर शुरू हुआ अर्जेंटीना का असली 'कमबैक शो'. मैच खत्म होने में कुछ ही मिनट बचे थे, जब अर्जेंटीना ने महज 7 मिनट के अंदर दो गोल दागकर पूरा मैच ही पलट दिया.
सबसे पहले इंजो फर्नांडेज ने 85वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर किया. इसके बाद जब इंजरी टाइम के दूसरे मिनट का खेल चल रहा था, तब लाउतारो मार्टिनेज ने इंग्लैंड के डिफेंस को चीरते हुए दूसरा गोल दाग दिया. दोनों ने गोल में मेसी ने असिस्ट किया. इस तरह अर्जेंटीना ने 2-1 की बढ़त बनाई और आखिरी सेकंड तक इसे बचाकर रखा. भले ही इस मैच में मेसी के पैर से कोई गोल नहीं निकला, लेकिन दोनों ही गोल सेट करने में उनका दिमाग और असिस्ट कमाल का था.
इस धमाकेदार जीत के साथ अर्जेंटीना ने रिकॉर्ड 7वीं बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री मारी है. अब 2026 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. वहीं दूसरी तरफ, इंग्लैंड का सफर यहीं थम गया है. अब इंग्लिश टीम तीसरे स्थान के लिए फ्रांस से दो-दो हाथ करेगी.
अगर पूरे मैच की बात करें, तो शुरुआत से ही दोनों टीमें फूंक-फूंक कर कदम रख रही थीं. इंग्लैंड के मैनेजर थॉमस ट्यूशेल ने टीम में तीन बदलाव किए थे, तो वहीं अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने भी रोड्रिगो डि पॉल की जगह जूलियानो सिमियोन को उतारा. मैच की शुरुआत इतनी आक्रामक और रफ थी कि पहले 12 मिनट में ही 8 फाउल हो गए, जिसमें से 5 अर्जेंटीना ने किए थे.
अर्जेंटीना की टीम किस्मत वाली रही कि मैच के शुरुआती 30 मिनट में उनके रफ खेल के बावजूद रैफरी इस्माइल एलफेथ ने कोई येलो कार्ड नहीं दिखाया. इंजो फर्नांडीज ने दो बार बड़े फाउल किए, लेकिन वे कार्ड से बच गए. मैच में पहला येलो कार्ड इंग्लैंड के एंडरसन को मिला, जिन्होंने मेसी को रोकने के चक्कर में फाउल किया था.
इसके बाद अर्जेंटीना के लिसांड्रो मार्टिनेज को भी मोर्गन रोजर्स को खींचने के लिए पीला कार्ड देखना पड़ा. इंग्लैंड के पास गोल करने के कुछ मौके जरूर बने, जैसे 37वें मिनट में रीस जेम्स की फ्री-किक और ज्यूड बेलिंघम के कुछ मूव्स, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज और उनके डिफेंस ने इंग्लैंड के हर वार को बेकार कर दिया. आखिरकार, अर्जेंटीना ने अपने अनुभव का फायदा उठाया और मैच जीतकर फाइनल का टिकट कटा लिया!
ये भी पढ़ें- 'कुलदीप को मौका दें...' पूर्व दिग्गज ने 'चाइनामैन' को लेकर दिया बड़ा बयान, गुरनूर बराड़ पर भी कही ये बात