स्पोर्ट्स
FIFA President Gianni Infantino on Zee TV: फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने जी टीवी का आभार जताया है और साथ ही इच्छा जताई है कि टीम इंडिया भी वर्ल्ड कप का हिस्सा बने.
स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सोमवार 20 जुलाई की तड़के 12.30 बजे से खेला जाएगा. भारत में फीफा वर्ल्ड कप के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग Z5 पर हो रही है. फीफा और जी5 के बीच 2026 से 2035 तक पार्टनरशिप तय हुई है. वहीं, इस बीच फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने जी टीवी का आभार जताया है और साथ ही इच्छा जताई है कि टीम इंडिया भी वर्ल्ड कप का हिस्सा बने. आइए जानते हैं कि स्पेन और अर्जेंटीना के बीच फाइनल से पहले फीफा अध्यक्ष ने क्या कुछ कहा है.
फीफा के 39 टूर्नामेंट कवर करेगा जी
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कहा, "स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले FIFA वर्ल्ड कप फाइनल से ठीक पहले, मैं जी टीवी पर मौजूद अपने दोस्तों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने भारत में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए इतना कुछ किया है. मुझे हमारी उस पार्टनरशिप पर बहुत गर्व है, जिसमें FIFA महिला वर्ल्ड कप 2027, FIFA यूथ वर्ल्ड कप, फुटसल टूर्नामेंट और FIFA इंटरकॉन्टिनेंटल कप समेत FIFA के 39 टूर्नामेंट शामिल हैं. इससे ये पक्का होता है कि भारत में फुटबॉल को अब सिर्फ हर चार साल में होने वाली एक घटना के तौर पर नहीं, बल्कि एक लगातार चलने वाली कहानी के तौर पर पेश किया जा सकेगा."
सुनील छेत्री से मिलने का सम्मान मिला- जियानी इन्फेंटिनो
जियानी इन्फेंटिनो ने सुनील छेत्री से मिलने को लेकर कहा, "हम जानते हैं कि भारत में फुटबॉल का बहुत जुनून है और भारतीय बाजार में बहुत संभावनाएं हैं. ये बात मैंने खुद तब देखी जब मैं 2017 में FIFA अंडर-17 वर्ल्ड कप के लिए भारत आया था, जिसमें 13 लाख से ज़्यादा फैंस ने हिस्सा लेकर रिकॉर्ड बनाया था और फिर पांच साल बाद FIFA अंडर-17 महिला वर्ल्ड कप के दौरान भी. मैं 2020 में IOC की मीटिंग के लिए भी भारत आया था और मुझे भारत के सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले और सबसे ज़्यादा गोल करने वाले इंटरनेशनल खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सुनील छेत्री से मिलने का सम्मान मिला."

इन्फेंटिनो ने भारतीय फैंस और खिलाड़ियों को लेकर कहा, "आपका खूबसूरत देश FIFA वर्ल्ड कप 2026 में काफी हद तक मौजूद रहा है, जिसमें भारतीय मूल के खिलाड़ी न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, कतर और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो जैसी दूसरी राष्ट्रीय टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. 16 मेज़बान शहरों में मैच देखने आए 65 लाख फैंस में हज़ारों भारतीय समर्थक भी शामिल रहे हैं, जिनमें से कई ने अर्जेंटीना, ब्राज़ील, पुर्तगाल या इंग्लैंड जैसी दूसरी टीमों को भी अपनाया है."
मैं टीम इंडिया का फीफा में स्वागत करना चाहता हूं- इन्फेंटिनो
फीफा अध्यक्ष ने टीम इंडिया को फीफा शामिल करने को लेकर कहा, "मुझे खुशी है कि जी टीवी ने टूर्नामेंट को सिर्फ घरों में टीवी पर देखे जाने तक ही सीमित न रखकर, उससे आगे ले जाने की कोशिश की है. सिनेमाघरों, पब, रेस्टोरेंट, एयरपोर्ट और होटलों जैसी जगहों पर मैच दिखाने की इजाजत देकर आपने पूरे देश में लोगों के साथ मिलकर मैच देखने का माहौल बनाने में मदद की है. ये एक शानदार पहल है और इससे हमारे खेल को बहुत फायदा होगा. भारत में हमारे खेल को बढ़ावा देने के लिए आपने जो कुछ भी किया है, उसके लिए मैं एक बार फिर आपका शुक्रिया अदा करता हूं और बेशक, मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं जब हम FIFA वर्ल्ड कप में भारत का स्वागत कर सकेंगे."
On the eve of the FIFA World Cup final, heartfelt thanks are extended to Zee TV for promoting football in India. Their partnership across multiple FIFA tournaments has helped grow the sport’s popularity. Public screenings and fan engagement have strengthened football culture,… pic.twitter.com/ncVukqhsL0
— Zee News English (@ZeeNewsEnglish) July 18, 2026