स्पोर्ट्स
मेसी के धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने पहले मैच में 3-0 से शानदार जीत दर्ज की, जिसे देखकर ब्राजील के महान खिलाड़ी रोनाल्डो भी मेसी के मुरीद हो गए.
फुटबॉल की दुनिया से एक ऐसी खबर आई है जिसने GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) यानी इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी की बहस पर लगभग विराम लगा दिया है. यह बात किसी आम इंसान ने नहीं, बल्कि खुद ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी और 'द फेनोमेनन' कहे जाने वाले रोनाल्डो ने कही है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में बुधवार (17 जून 2026) को अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ एक जादुई हैट्रिक जमाकर तहलका मचा दिया.
इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से धूल चटाकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की. मेसी के इस ऐतिहासिक खेल को देखकर रियल मैड्रिड के पूर्व स्टार रोनाल्डो भी खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए.
मैच खत्म होने के बाद पुर्तगाली मीडिया आउटलेट ए बोला से बातचीत में ब्राजीलियाई रोनाल्डो ने मेसी की जमकर तारीफ की. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब इस बहस को हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहिए कि दुनिया का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी कौन है. कंसास सिटी में खेले गए इस मुकाबले में मेसी ने अकेले दम पर मैच का रुख पलट दिया और अर्जेंटीना को एकतरफा जीत दिलाई.
रोनाल्डो ने कहा, "अब पूरी दुनिया को सच स्वीकार कर लेना चाहिए कि मेसी ही इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं. वह हर सीजन और हर वर्ल्ड कप में खुद को साबित करते हैं, फिर भी लोग उन पर शक करते हैं. यह एक ऐसी ऐतिहासिक रात थी जिसे फुटबॉल की दुनिया में हमेशा याद रखा जाएगा."

इस मैच में हैट्रिक लगाकर मेसी ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम और सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है. यह उनके वर्ल्ड कप करियर की पहली हैट्रिक है. इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही वर्ल्ड कप में उनके कुल गोलों की संख्या 16 हो गई है. अब वह ब्राजील के रोनाल्डो से आगे निकल चुके हैं और जर्मनी के पूर्व दिग्गज स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोसे की बराबरी कर ली है. दोनों अब वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
इस रिकॉर्ड पर रोनाल्डो ने कहा कि रिकॉर्ड बनते ही टूटने के लिए हैं, और जब मेसी जैसा खिलाड़ी इसे तोड़े तो किसी को अचरज नहीं होना चाहिए. इस जीत से अर्जेंटीना ने यह भी सुनिश्चित किया कि उनके साथ 2022 वर्ल्ड कप जैसा कोई उलटफेर न हो, जहां उन्हें अपने पहले ही मैच में सऊदी अरब से हार का सामना करना पड़ा था. हालिया हैमस्ट्रिंग चोट से उबरकर मेसी ने जिस तरह अल्जीरियाई डिफेंस को तहस-नहस किया, वह वाकई काबिलेतारीफ है.
एक तरफ जहां लियोनेल मेसी रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए समय कुछ ठीक नहीं रहा. पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच बुधवार रात खेला गया मैच 1-1 की बराबरी पर छूटा. रोनाल्डो इस मैच में बेअसर दिखे और दूसरे हाफ में गोल करने के कुछ अच्छे मौके भी चूक गए. दो दिग्गजों के इस बिल्कुल अलग प्रदर्शन ने ब्राजीलियाई रोनाल्डो के उस बयान को और वजन दे दिया है कि इस दौर का असली सुल्तान कौन है.
पहले मैच में धमाकेदार जीत के बाद लियोनेल स्कालोनी की कोचिंग वाली अर्जेंटीना की टीम का हौसला सातवें आसमान पर है. अब उनका अगला मुकाबला सोमवार को ऑस्ट्रिया से होगा. अर्जेंटीना की नजरें इतिहास की तीसरी ऐसी टीम बनने पर हैं जो लगातार दो बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करे. वहीं दूसरी तरफ, पुर्तगाल की टीम अगले मैच में उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जहां रोनाल्डो और उनकी टीम हर हाल में अपनी पहली जीत दर्ज कर नॉकआउट राउंड की तरफ कदम बढ़ाना चाहेगी.