स्पोर्ट्स
ICC Champions Trophy 2025: बीसीसीआई ने दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले एक बड़ा बयान दे दिया है. यहां पढ़ सकते हैं कि उन्होंने क्या कहा है.
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गए हैं, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के 5वें मैच के दौरान बुमराह चोटिल हुए थे. उन्हें बीच मुकाबले से ही मैदान के बाहर जाना पड़ा था और वो दूसरी पारी में गेंदबाजी भी नहीं कर सके थे. इस बीच बीसीसीआई के नए सचिव देवजीत सैकिया ने बुमराह को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है.
बीसीसीआई का बुमराह पर बड़ा बयान
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बुमराह को लेकर कहा, "हमने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी सबसे अच्छी टीम चुनी है. मुझे यकीन है कि हम लोग इसे जीतेंगे. टीम इंडिया के पास काफी बड़ी बेंच स्ट्रेंथ हैं और मुझे नहीं लगता है कि इससे जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति टीम कॉम्बिनेशन पर कोई फर्क पड़ने वाला है."
उन्होंने आगे कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अपनी लय में वापसी कर चुके हैं. टीम में अब सब कुछ बहुत सकारात्मक है. इंग्लैंड सीरीज के नतीजे आपके सामने हैं. दुबई के हालात भी भारत जैसे ही होंगे. इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में 4-1 और वनडे में क्लीन स्वीप से भारतीय खिलाड़ियोंका मनोबल काफी बढ़ा होगा.
कब खेला भारत अपना पहला मैच
आपको बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है. लेकिन भारत के सभी मैच दुबई में खेले जाएंगे. भारत अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा. उसके बाद टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 23 फरवरी को भिड़ना है, जिस मैच का फैंस बेसब्री से वेट कर रहे हैं.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.