Advertisement
हिंदी न्यूज़स्पोर्ट्स

BAN vs NZ: बांग्लादेश के खिलाफ संकट में न्यूजीलैंड, इतिहास रचने से बस कुछ विकेट दूर बांग्ला टाइगर्स

BAN vs NZ 1st Test: बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड के सामने 332 रन का लक्ष्य रखा है. जवाब में कीवी टीम बेहद संकट में आ गई है.

BAN vs NZ: बांग्लादेश के खिलाफ संकट में न्यूजीलैंड, इतिहास रचने से बस कुछ विकेट दूर बांग्ला टाइगर्स

BAN vs NZ Test

Add DNA as a Preferred Source

डीएनए हिंदी: बांग्लादेश ने अपने घर में न्यूजीलैंड को संकट में डाल दिया है. बांग्ला टाइगर्स ने पहले टेस्ट में कीवियों के सामने 332 रन का टारगेट रखने के बाद 81 रन पर ही उनके छह विकेट उखाड़ दिए हैं. केन विलियमसन, डेवोन कॉनवे और टॉम लेथम जैसे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं. जिससे न्यूजीलैंड के सामने बांग्लादेश में पहली टेस्ट हार का खतरा मंडराने लगा है. एक छोर पर डैरिल मिचेल टिके हुए हैं, लेकिन बांग्ला स्पिनरों के सामने उनसे मैच बचाने की उम्मीद करना बेमानी होगी. क्योंकि इस टेस्ट मैच में आज के खेल के बाद पूरा एक दिन बचा हुआ है. बांग्लादेश की टीम मुकाबला अपने नाम करने में सफल रहती है, तो टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड पर यह उनकी दूसरी जीत होगी.

यह भी पढ़ें: भारतीय टेस्ट टीम से अजिंक्य रहाणे बाहर, साउथ अफ्रीका दौरे पर चेतेश्वर पुजारा को भी नहीं मिला मौका

पहली पारी में न्यूजीलैंड को मिली थी बढ़त

दो मैचों की टेस्ट के लिए कप्तान बने नजमुल हसन शांटो ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था. महमुदुल हसन जॉय की 86 रनों के बदौलत बांग्लादेश ने पहली पारी में 310 रन बनाए थे. न्यूजीलैंड के पार्ट टाइम स्पिनर ग्लेन फिलिप्स ने 4 विकेट झटके. कीवी टीम ने कप्तान केन विलियमसन के शतक की मदद से 317 रन बनाए और बांग्लादेश पर पहली पारी में 7 रन की बढ़त बना ली. फिलिप्स ने बल्ले से भी योगदान दिया और 42 रन के साथ न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे. मेजबान टीम के बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर तैजुल इस्लाम ने 4 विकेट चटकाकर न्यूीजलैंड को बड़ी बढ़त लेने से रोका.

कप्तान शांटो ने कराई बांग्लादेश की मजबूत वापसी

बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 26 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए थे और उनके पास सिर्फ 19 रनों की बढ़त थी. ऐसे में कप्तान शांटो ने आगे बढ़कर अगुवाई करते हुए दमदार शतकीय पारी खेली. अनुभवी मुशफिकुर रहीम ने भी उनका भरपूर साथ निभाया और 67 रन बनाए. मेहदी हसन मिराज ने निचले क्रम में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए बांग्लादेश को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जिससे बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के सामने चौथी पारी में एक असंभव सा टारगेट रखा.

न्यूजीलैंड को टेस्ट मैच में हरा चुकी है बांग्लादेश की टीम

बांग्लादेश ने जनवरी 2022 में न्यूजीलैंड को उसके घर में हराकर चौंका दिया था. उस समय कीवी टीम टेस्ट में वर्ल्ड चैंपियन थी. बांग्ला टाइगर्स ने माउंट मॉन्गानुई में खेले गए उस टेस्ट में पूरे मैच के दौरान दबदबा बनाए रखा था और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात दी थी. यह बांग्लादेश की न्यूजीलैंड पर पहली टेस्ट जीत थी. साथ ही न्यूजीलैंड को उसके घर में किसी भी फॉर्मैट में बांग्लादेश ने पहली बार हराया. अब सिलहट में बांग्ला टाइगर्स इतिहास रचने से बस कुछ विकेट ही दूर हैं.

देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement