धर्म
चारधाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है. इसबीच पहाड़ों के रास्तों में नेटवर्क गायब हो जाते हैं, लेकिन यात्रियोें को अब इस तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा. अब इस यात्रा पर आपको वाईफाई सेवा मिलेगी.
Char Dham Yatra 2025: उत्तराखंड सरकार और प्रशासन चारधाम यात्रा पर देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुखद और सुगम बनाने के लिए नित नए प्रयास कर रहा है. इसी प्रयास में उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में अपना मोबाइल नेटवर्क स्थापित कर दिया है. इस नेटवर्क को "जिला आपदा संसाधन नेटवर्क" नाम दिया गया है. यह नेटवर्क न सिर्फ आपदा या किसी विकट परिस्थिति में भी लगातार काम करेगा, बल्कि इसमें मोबाइल डेटा, वॉयस कॉलिंग, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी विजुअल और वाईफाई की सुविधा भी मिलेगी.
रुद्रप्रयाग जिले के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने चारधाम यात्रा के लिए जिले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह पहल की. इस रिसोर्स नेटवर्क के तहत अब श्रद्धालुओं को फ्री वाईफाई की सुविधा मिलने जा रही है. मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने बताया कि वाईफाई का लाभ लेने के लिए वाईफाई सेटिंग में जाकर अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करना होगा. इसके बाद मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा. इसे भरने के बाद आधे घंटे तक हाई स्पीड वाईफाई का लाभ उठाया जा सकेगा. शनिवार को इसके सफल ट्रायल के बाद यह सुविधा श्रद्धालुओं को समर्पित कर दी गई है. बाबा के दर्शन को श्रद्धालुओं ने इस पर खुशी जाहिर की और इसके लिए सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया.
रुद्रप्रयाग देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जिसके पास अपना अलग और संपूर्ण मोबाइल नेटवर्क है. जुलाई 2024 में केदारनाथ पैदल मार्ग पर आई आपदा के दौरान जब अन्य मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से काम करना बंद कर चुके थे, तब यह नेटवर्क यात्रियों, मजदूरों और बचाव दलों के लिए जीवन रेखा बन गया. इससे रास्ते में फंसे लोगों को अपने घरों से संपर्क करने में मदद मिली और राहत एवं बचाव कार्यों में भी काफी मदद मिली.
चारधाम यात्रा 2025 आधिकारिक रूप से 30 अप्रैल 2025 को शुरू हुई थी, जिसमें अक्षय तृतीया के दिन वैदिक मंत्रोच्चार और अनुष्ठानों के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए थे. 2 मई को केदारनाथ के कपाट खोले गए थे. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 2 मई को केदारनाथ पहुंचे और केदारनाथ परिसर में आयोजित मुख्य सेवक भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में कामयाब रही है और उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए उचित व्यवस्था की गई है.
Disclaimer: हमारा लेख केवल जानकारी प्रदान करने के लिए है. ये जानकारी सामान्य रीतियों और मान्यताओं पर आधारित है.)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.