धर्म
अमरनाथ की गुफा में ही देवों के देव महादेव ने मां पार्वती को अमर होने के रहस्य के बारे में बताया था. बताया जाता है कि यह कथा मां पार्वती के अलावा वहां गुफा में मौजूद कबूतरों के एक जोड़े ने सुन ली.
Amarnath Significance 2025: अमरनाथ धाम हिंदू धर्म के पवित्र स्थलों में से एक है. हर साल बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लाखों शिव भक्त अमरनाथ धाम की यात्रा के लिए पहुंचते हैं. इसके लिए देश ही नहीं विदेशों से लेकर ट्रैकिंग करते हुए अमरनाथ धाम तक पहुंचते हैं. मान्यता है कि अमरनाथ की गुफा में ही देवों के देव महादेव ने मां पार्वती को अमर होने के रहस्य के बारे में बताया था. बताया जाता है कि यह कथा मां पार्वती के अलावा वहां गुफा में मौजूद कबूतरों के एक जोड़े ने सुन ली. इसके बाद से यह जोड़ा आज भी अमरनाथ गुफा के पास रहता है. इसे देखना बेहद शुभ माना जाता है. हालांकि कबूतर का यह जोड़ा सभी को नजर नहीं आता है, जिसे यह दिखाई पड़ता है वह अपने आपको बहुत भाग्यवान मानता है. आइए जानते हैं गुफा में मौजूद कबूतर के जोड़े का रहस्य और अमर होने गाथा क्या है...
जानकारों की मानें तो अमरनाथ गुफा महादेव भगवान शिव के प्रमुख पवित्र स्थलों में से एक है. यहां एक रहस्यमयी और आस्थाजनक घटना की चर्चा प्राचीन काल से होती आ रही है. वह है यहां कबूतर के एक जोड़े का उपस्थित होना. यह घटना सिर्फ एक पक्षी-जोड़े की नहीं, बल्कि एक दिव्य रहस्य और प्रतीक की मानी जाती है.
बताया जाता है कि जब भगवान शिव मां पार्वती को अमर कथा (अमृत ज्ञान) सुनाने के लिए अमरनाथ गुफा में आए, तो उन्होंने सभी जीवों को त्याग दिया. इस दौरान महादेव नंदी बैल को पहलगाम में, चंद्रमा को चंदनबाड़ी में, सर्पों को शेषनाग में, और गले के रुद्राक्ष को पंचतरणी में छोड़ते हुए, केवल मां पार्वती को लेकर गुफा के भीतर पहुंचे. यहां महादेव ने मां पार्वती को वह अमर ज्ञान सुनाया, जो किसी को भी अजर-अमर बना सकता था.
मान्यता है कि जिस समय में भगवान शिव मां पार्वती को अमर कथा सुना रहे थे. तब कबूतर का जोड़ा भी गुफा में छुपकर बैठा था. यहां कबूतर के जोड़े ने अमर कथा सुन ली. भगवान शिव को कथा के बीच गुफा में कबूतर के जोड़े के होने का आभास हुआ, लेकिन महादेव ने जब देखा कि कबतूर का जोड़ा बहुत ही शांत होकर कथा सुन रहा है तो उन्होंने उसे माफ कर दिया. कबूतर जैसे छोटे पक्षी ने भी शिव कथा को श्रद्धा से सुना, इसलिए कबूतर के जोड़े को अमरत्व प्राप्त हो गया. मान्यता है कि अमरकथा एक गूढ़ ज्ञान है, जिसे सुनकर जीवन-मरण के बंधन से मुक्ति मिल जाती है. भगवान शिव ने इस कथा को बहुत गोपनीय रखा था. इसके प्रभाव से खुद पक्षी भी अमर हो सकते हैं.
Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. डीएनए हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.