साइंस
Kusum Lata | May 14, 2026, 11:21 AM IST
1.क्या है आंधी-तूफान की रेसिपी?

अमेरिका के नेशनल एन्वायर्नमेंटल सैटेलाइट डेटा एंड इंफोर्मेशन सर्विस की वेबसाइट पर छपे एक आर्टिकल के मुताबिक, आंधी-तूफान की रेसिपी है- गर्म धरती, नमी वाली गर्म हवा और ठंडी हवा. गर्म नमी वाली हवा की डेंसिटी कम होती है, जबकि ठंडी हवा की डेंसिटी ज्यादा होती है. इस वजह से गर्म हवा तेज़ी से ऊपर उठती है. फोटो- PTI
2.कैसे आता है आंधी-तूफान?

गर्मी के दिनों में ज़मीन दिनभर सूरज की गर्मी से गर्म होती है. जब जमीन गर्म होती है तो उसकी सतह के ठीक ऊपर की हवा भी गर्म होती है. उमस भरी गर्म हवा हल्की होकर ऊपर उठती है, इससे एक लो प्रेशर क्षेत्र बनता है, गर्म हवा के उठने से खाली हुई जगह को भरने के लिए ठंडी हवाएं तेज़ी से आती हैं. हवा तेज़ी से आती है, तो अपने साथ धूल-मिट्टी उड़ाकर लाती है. यही आंधी कहलाती है. फोटो- PTI
3.आंधी के साथ बारिश क्यों होती है?

जब सतह के करीब की उमस भरी गर्म हवा ऊपर उठती है, तो वह ऊपर की ठंडी हवा से मिलती है. ऊपर पहुंचकर नमी वाली गर्म हवा ठंडी होने लगती है, इससे गर्म हवा में मौजूद नमी संघनित होकर बादल बना देती है. इस बादल को कपासी वर्षा बादल (cumulonimbus clouds) कहते हैं. कपासी बादल काले-घने बादल होते हैं, जो बिजली और गरज के साथ बारिश करते हैं. फोटो- PTI
4.शाम को ही क्यों आती है आंधी

सूरज की गर्मी को पूरे दिन में धरती पूरी तरह सोख चुकी होती है. नमी से भरी गर्म हवा इस वक्त सबसे तेज़ी से ऊपर उठती है. इस वजह से शाम को तेज़ आंधी-तूफान आता है. अक्सर शाम 4-5 बजे से मौसम बदलने लगता है. फोटो- PTI
5.आंधी आए तो क्या करें?

आंधी आने पर घर या किसी पक्की इमारत के अंदर रहें. घर के खिड़की-दरवाज़े बंद रखें. इलेक्ट्रॉनिक सामानों के अनप्लग कर दें. बालकनी या छत पर सूख रहे कपड़े हटा दें, गमले अंदर की तरफ रखें. ऐसा कोई भी सामान बाहर न रखें जिसके हवा में उड़ने का खतरा हो. अगर आप घर से बाहर हैं तो फ्लाईओवर के नीचे, पेड़ या खंभों के आसपास पनाह न लें. किसी बिल्डिंग में चले जाएं. अगर आप कार में हैं तो किसी खुली जगह पर कार खड़ी करके उसके अंदर ही बैठे रहें. फोटो- PTI