साइंस
Jaya Pandey | Aug 13, 2026, 12:41 PM IST
1.12 अगस्त को दुनियाभर में दिखा सूर्य ग्रहण का खूबसूरत नजारा

दुनियाभर से 12 अगस्त 2026 को हुए पूर्ण सूर्य ग्रहण की तस्वीरें आ रही हैं. स्पेस साइंस में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह दिन बेहद खास रहा. भारत के लोगों को थोड़ी जरूर निराशा हुई क्योंकि यह ग्रहण भारत में नहीं देखा जा सका. साल 1999 के बाद यह पहला मौका था जब यूरोप के मेनलैंड में पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा दिखाई दिया.
(All Image Credit: Daisy Dobrijevic/Future)
2.दुनिया के किन-किन देशों में देखा गया यह ग्रहण?

भारत में भले ही यह सूर्य ग्रहण का नजारा न दिखाई दिया हो लेकिन स्पेन, आइसलैंड और ग्रीनलैंड सहित कई इलाकों में लाखों लोगों ने इसे अपनी आंखों से देखा. यह पूर्ण सूर्य ग्रहण ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी रूस, अटलांटिक महासागर, स्पेन और पुर्तगाल के एक छोटे हिस्से से होकर गुजरा. ज्यादातर सूर्य ग्रहण पूर्व से पश्चिम की ओर दिखाई देता है लेकिन इस बार का ग्रहण उत्तरी ध्रुव के ऊपर से होकर गुजरा. यह ग्रहण 2 मिनट 18 सेकंड तक चला.
3.सबसे पहले ग्रीनलैंड में दिखा पूर्ण सूर्य ग्रहण

ग्रीनलैंड में यह नजारा सबसे पहले दिखाई दिया. मौसम अनुकूल रहने से यहां के लोगों को सूर्य के चारों ओर चमकता कोरोना साफ नजर आया. चंद्रमा के सूर्य की रोशनी को पूरा ढकने के बाद यह कोरोना दिखाई देता है. इसके बाद ग्रहण आइसलैंड की ओर बढ़ा. यहां के स्थानीय समयानुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे पश्चिमी हिस्से स्नाइफेल्सनेस प्रायद्वीप में पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई दिया.
4.आखिर में स्पेन में दिखा Total Solar Eclipse

आखिर में सूर्य ग्रहण स्पेन की ओर बढ़ा. यहां शाम ढलने से ठीक पहले सूर्य पूरी तरह ढका दिखाई दिया. स्पेन में ग्रहण के पूर्णता पथ की चौड़ाई करीब 293 किलोमीटर रही. 12 अगस्त 2026 को साइबेरिया के पास आर्कटिक महासागर से शुरू होकर पूर्ण सूर्य ग्रहण पूर्वी ग्रीनलैंड, फिर पश्चिमी आइसलैंड और आखिर में उत्तरी स्पेन तक पहुंचा. यहां लाखों लोगों ने इस नजारे को देखा.
5.अब धरती पर कब दिखेगा अगला सूर्य ग्रहण?

स्पेन के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 60 लाख लोगों ने ग्रहण देखने वाली जगहों पर पहुंचकर इस खूबसूरत नजारे का लुत्फ उठाया. लोगों ने इस अनुभव को अपने जीवन के सबसे रोमांचक पलों में से एक बताया और कहा कि आसमान में अचानक अंधेरा छा जाना उन्हें किसी सपने जैसा महसूस हुआ. अब दुनिया में 2 अगस्त 2027 को अगला पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा.