साइंस
Jaya Pandey | Aug 06, 2026, 10:21 AM IST
1.12 अगस्त को दिखेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा

अगर आपकी स्पेस साइंस में दिलचस्पी है तो 12 अगस्त 2026 का दिन आपके लिए बेहद खास होने वाला है. इस दिन दुनिया के कई हिस्सों में दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई देगा. यह खगोलीय घटना वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए बेहद अहम मानी जाती है.
(All Images Credit: NASA)
2.कब लगता है सूर्य ग्रहण?

पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है, जब चंद्रमा पृथ्वी और सूर्य के ठीक बीच में आ जाता है और कुछ समय के लिए सूर्य का पूरा चमकीला भाग ढक देता है. इस दौरान दिन में अचानक अंधेरा छा जाता है, तापमान में हल्की गिरावट महसूस हो सकती है और कुछ जगहों पर तो चमकीले तारे और ग्रह तक दिखाई देने लगते हैं. पूर्ण ग्रहण के समय सूर्य का बाहरी वातावरण कोरोना भी नजर आता है.
3.धरती से क्यों एक आकार के दिखते हैं सूर्य और चंद्रमा?

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर जब सूर्य और चंद्रमा के आकार में इतना अंतर है तो आकाश में दोनों एक बराबर कैसे दिखाई देते हैं. इसका जवाब दोनों की पृथ्वी से दूरी में छिपा हुआ है. सूर्य चंद्रमा से लगभग 400 गुना बड़ा है लेकिन यह चंद्रमा के मुकाबले पृथ्वी से 400 गुना ज्यादा दूर है. इस वजह से सूर्य और चंद्रमा दोनों हमें आसमान में लगभग एक ही आकार के दिखाई देते हैं.
4.दुनिया के किन देशों में दिखेगा यह नजारा?

नासा के मुताबिक, 12 अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी रूस, अटलांटिक महासागर, स्पेन और पुर्तगाल के एक छोटे से हिस्से में दिखाई देगा. इसके अलावा उत्तरी अमेरिका के कुछ हिस्सों, कनाडा, यूरोप के बड़े भाग और उत्तर-पश्चिमी अफ्रीका में आंशिक सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा. यूरोप और अफ्रीका के कुछ इलाकों में सूर्यास्त के वक्त भी जारी रहेगा और लोग सनसेट एक्लिप्स का भी नजारा देख सकेंगे.
5.भारत के लोग कैसे देख पाएंगे ये सूर्य ग्रहण?

अगर भारत की बात करें तो यहां 12 अगस्त को सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा. इसकी सबसे बड़ी वजह समय और पृथ्वी की स्थिति है. भारतीय समयानुसार यह ग्रहण 12 अगस्त की रात से 13 अगस्त की तड़के के बीच होगा. उस समय भारत में सूर्य क्षितिज के नीचे होगा इसलिए देश के किसी भी हिस्से से इसे प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा जा सकेगा. लेकिन अगर आपको इस खगोलीय घटना को देखने में दिलचस्पी है तो नासा या यूरोपियन स्पेस एजेंसी की लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए आप ये नजारा देख सकेंगे.